
बोकारो: केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की पूर्व महानिरीक्षक ए यामिनी प्रिया अब हमारे बीच नहीं रहीं। दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज के दौरान उनका अचानक निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उनके जाने से CISF महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। बल के महानिदेशक प्रवीर रंजन समेत तमाम छोटे-बड़े अधिकारियों ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी है।
यामिनी प्रिया सीआईएसएफ की एक काबिल अधिकारी मानी जाती थीं। उनके शानदार करियर को देखते हुए मुख्यालय ने उन्हें डीआईजी से आईजी पद पर प्रमोट कर रांची स्थित पूर्वी खंड झारखंड-बिहार की कमान सौंपी थी। उन्होंने पिछले साल 1 जुलाई 2025 को रांची सेक्टर के आईजी के रूप में कार्यभार संभाला था। हालांकि, खराब तबीयत की वजह से वह इस पद पर ज्यादा दिनों तक सेवाएं नहीं दे सकीं।
पदभार संभालने के महीने भर के भीतर ही उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) के लिए आवेदन कर दिया था, जिसे मुख्यालय ने मंजूर कर लिया था। सीआईएसएफ के अधिकारियों का कहना है कि यामिनी प्रिया का इस तरह अचानक चले जाना पूरे बल के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। उन्हें उनके बेहतरीन नेतृत्व, अनुशासित कार्यशैली और सीआईएसएफ के प्रति उनके अहम योगदान के लिए हमेशा याद रखा जाएगा।

