Home » Ghatshila News: बंद खदानें होंगी चालू, बढ़ेगा रोजगार! सांसद की मांगों पर HCL प्रबंधन का सकारात्मक रुख

Ghatshila News: बंद खदानें होंगी चालू, बढ़ेगा रोजगार! सांसद की मांगों पर HCL प्रबंधन का सकारात्मक रुख

by Rajesh Choubey
HCL mines reopening employment boost
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

घाटशिला : सांसद विद्युतवरण महतो ने कोलकाता स्थित एचसीएल के कॉरपोरेट ऑफिस में सीएमडी संजीव कुमार सिंह से शुक्रवार को मुलाकात कर मऊ भंडार एवं मुसाबनी क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से रखा। खदान, प्लांट, रोजगार व जनसुविधाओं से संबंधित एक-एक मुद्दे को गंभीरता से रखते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की। सांसद ने आईसीसी यूनिट में वर्ष 1996 के बाद से ही मजदूरों की बहाली नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए स्थायी नियुक्ति शुरू करने और नॉमिनी युवकों को प्राथमिकता देने की मांग की। उन्होंने ठेका मजदूरों को महीने में 26 दिन रोजगार देने और छूटे हुए मजदूरों को पुनः काम देने की मांग रखी। सीएमडी ने बहाली को लेकर जल्द आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। ठेका मजदूरों के मुद्दे पर जरूरी पहल करने की बात कहीं।

खनन गतिविधियों को तेज करने की मांग

सांसद ने सुरदा और केंदाडीह माइंस की उत्पादन क्षमता बढ़ाने, राखाकॉपर माइंस को जल्द चालू करने तथा चापड़ी क्षेत्र में खनन कार्य डेवलप कराने की मांग की। सीएमडी ने बताया कि चालू वित्त वर्ष में राखामाइंस से उत्पादन शुरु होने की पूरी उम्मीद है। सुरदा और केंदाडीह माइंस में उत्पादन बढ़ाने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। किशनगढ़िया, पाथरगोड़ा और धोबनी जैसी बंद खदानों को चालू कराने की दिशा में प्रयास जारी होने की जानकारी सीएमडी ने दी।

प्लांट विस्तार और नई परियोजनाओं पर पहल

सांसद द्वारा मुसाबनी कंसंट्रेटर प्लांट की क्षमता बढ़ाने एवं प्लांट को मॉडिफाई करने संबंधी मांग पर सीएमडी ने चार लाख टन से बढ़ाकर नौ लाख टन करने की योजना पर जल्द काम शुरू करने की बात कही है। इसी तरह, मऊभंडार स्मेल्टर प्लांट को पुनः चालू करने व मेसर्स मेकॉन से फिजिबिलिटी रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत कराने की मांग पर भी सीएमडी से सकारात्मक आश्वासन मिला है। सीएमडी ने बताया कि फिलहाल मऊभंडार में कंसंट्रेटर प्लांट स्थापित करने की दिशा में पहल जारी है। भविष्य में स्मेल्टर प्लांट को लेकर भी हरसम्भव पहल किए जाएंगे।

शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की पहल

सांसद की मांग पर मऊभंडार, सुरदा और मुसाबनी में बंद स्कूलों को पुनः शुरू करने तथा शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के बकाया भुगतान के निपटारे पर सीएमडी ने हरसम्भव कदम उठाने का भरोसा दिया है। बताया गया कि मऊभंडार में इंटर कॉलेज खोलने पर सरकार विचार कर रही है। वहीं, शिक्षकों के सेटलमेंट पर बातचीत कर कोई रास्ता निकालने का भरोसा दिया गया है। बैठक में मऊभंडार अस्पताल को आधुनिक बनाने, विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति और आईसीयू सुविधा सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य करने का भरोसा दिया गया है।

टाउनशिप और बुनियादी सुविधाओं पर भी फोकस

सांसद ने मऊभंडार एवं मुसाबनी टाउनशिप के रख-रखाव, सड़क, पेयजल, लाइट, पार्क और ओपन जिम जैसी सुविधाओं को दुरुस्त करने की मांग की। सीएमडी ने जल्द ठोस कदम उठाने का भरोसा दिया। सांसद द्वारा क्वार्टर आवंटन में गारंटर व्यवस्था समाप्त कर सरल नियम लागू करने के मांग पर भी सीएमडी ने जल्द ही प्रस्ताव तैयार करने का भरोसा दिया।

युवाओं के लिए प्रशिक्षण और स्थानीय प्राथमिकता

सांसद द्वारा युवाओं के लिए रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने एवं स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग पर भी सीएमडी ने सकारात्मक रुख अपनाया।

अस्पताल में निःशुल्क इलाज व सीएसआर पर जोर

सांसद की मांगों पर सीएमडी ने मऊभंडार के वर्क्स अस्पताल में ठेका मजदूरों और उनके आश्रितों को निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। वहीं, प्रभावित क्षेत्र के आम लोगों के लिए भी आने वाले दिनों में विचार करने की बात कहीं गई। सांसद ने सीएसआर के तहत जन-उपयोगी कार्यों को पारदर्शी और प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी बल दिया। बहरहाल, सांसद विद्युतवरण महतो द्वारा उठाए गए मुद्दों पर एचसीएल प्रबंधन का सकारात्मक रुख क्षेत्र के विकास व रोजगार सृजन के लिए नई उम्मीद जगाता है। अब देखना होगा कि इन आश्वासनों को धरातल पर कितनी जल्दी प्रबंधन द्वारा उतारा जाता है।

बैठक में सांसद प्रतिनिधि दिनेश साव, डायरेक्टर (ऑपरेशन एंड माइंस) डॉ संजीव कुमार सिन्हा, डायरेक्टर (फाइनेंस) आरवीएन विश्वेश्वर, सीवीओ हरसिमरन सिंह, आईसीसी यूनिट हेड सह ईडी श्याम सुंदर सेठी भी उपस्थित थे। सीएमडी संजीव कुमार सिंह ने सभी मांगों पर सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिया।

Read also: Electricity Crisis : पलामू के बड़कागांव में 22 दिनों से बिजली नहीं; CM Hemant Soren ने सभी उपायुक्तों को दिए ये आदेश

Related Articles

Leave a Comment