मेदिीनगर : विद्युत आपूर्ति को लेकर झारखंड सरकार के गंभीर होने के बाद भी इसमें सुधार नहीं दिख रहा है। मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के कड़े निर्देश के बाद भी विद्युतविभाग के अधिकारी अपनी ही चाल चल रहे हैं। सरकार के उच्चस्तरीय निर्देशों का उनपर कोई असर पड़ता नहीं दिख रहा है।
पलामू जिले के रजवाडीह पंचायत के बड़कागांव में पिछले 22 दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है।क्षेत्र के लगभग 150 परिवार भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। ग्रामीणों द्वारा कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की गई। लेकिन किसी ने भी इसे गंभीरता से नहीं लिया। झामुमो नेता सन्नी शुक्ला ने इस मुद्दे को सोशल मीडिया पर उछाला और मुख्यमंत्री से इस पर ध्यान देने का आग्रह किया।
कहा- ऐसी समस्याओं पर तत्काल लें संज्ञान
राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झामुमो नेता सन्नी शुक्ला के ट्वीट पर त्वरित संज्ञान लेते हुए पलामू उपायुक्त को रजवाडीह पंचायत अंतर्गत बड़कागांव में अविलंब बिजली आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी जिलों के उपायुक्तों को भी संबोधित करते हुए कहा कि ऐसी समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लें और यह सुनिश्चित करें कि कहीं से भी इस प्रकार की शिकायत सुनने को न मिले।
बड़कागांव में पिछले 22 दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। वैसे पलामू जिले के कई क्षेत्रों में बिजली संकट अक्सर बना रहता है। इधर राज्य सरकार इस समस्या को लेकर सजग है। हाल में मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति निर्वाध करने का निर्देश दिया था। वहीं गुरुवार को राज्य के मुख्य सचिव ने भी विद्युत आपूर्ति बाधित रहने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी दे रखी है।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद गांव में जल्द बिजली बहाल होने की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने आम जनता की समस्या को गंभीरता से सुना और त्वरित कार्रवाई का निर्देश देकर संवेदनशील नेतृत्व का परिचय दिया है।
Read Also: Jharkhand Administrative Service: झारखंड सरकार का बड़ा प्रशासनिक फैसला; 65 अफसर बने संयुक्त सचिव

