
Jamshedpur : डीएवी पब्लिक स्कूल, बिष्टुपुर में गुरुवार से दो दिवसीय डीएवी क्लस्टर खेलकूद प्रतियोगिता-2026 (क्लस्टर स्तर-1) का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता की शुरुआत पारंपरिक अंदाज में डीएवी गान, खेल ध्वजारोहण और स्कूल की खेल कप्तान फ़िज़ा खान द्वारा खिलाड़ियों को शपथ दिलाकर की गई।
उद्घाटन समारोह में क्लस्टर हेड-1 एवं डीएवी चाईबासा के प्राचार्य ओ.पी. मिश्रा तथा पर्यवेक्षक एवं डीएवी नोवामुंडी की प्राचार्या शशि कला मौजूद रहीं। प्रतियोगिता में क्लस्टर-1 के छह डीएवी स्कूलों के कुल 229 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने कराटे, ताइक्वांडो, बास्केटबॉल और एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
डीएवी खेलकूद राज्य समन्वयक एवं डीएवी बिष्टुपुर की प्राचार्या प्रज्ञा सिंह ने सभी खिलाड़ियों और अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल हमेशा खेल भावना और मित्रता के साथ खेला जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खिलाड़ियों का प्रयास और अनुशासन है। उन्होंने छात्रों को पढ़ाई और खेल के बीच संतुलन बनाए रखने की प्रेरणा दी तथा युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी का उदाहरण देते हुए मेहनत और समर्पण का महत्व बताया।
प्रतियोगिता के पहले दिन ताइक्वांडो में डीएवी बिष्टुपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बढ़त बनाई, जबकि कराटे में डीएवी चाईबासा के खिलाड़ियों ने सभी वर्गों में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। बास्केटबॉल प्रतियोगिता में डीएवी बिष्टुपुर की अंडर-14 और अंडर-19 बालक टीमों ने डीएवी नोवामुंडी को हराकर जीत अपने नाम की।
प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया गया। प्राचार्या प्रज्ञा सिंह ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि यहां से चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में क्लस्टर का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता के तहत शॉटपुट और जेवलिन थ्रो की स्पर्धाएं गोपाल मैदान में आयोजित की जाएंगी, जबकि अन्य एथलेटिक्स मुकाबले 31 जुलाई को जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में संपन्न होंगे।

