
Jamshedpur: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर–1 स्थित प्राथमिक विद्यालय के जर्जर भवन की मरम्मत की मांग को लेकर पंचायत समिति सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल ने जमशेदपुर प्रखंड प्रमुख पानी सोरेन को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय भवन की बदहाल स्थिति को बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया।
तत्काल मरम्मत कराने की उठी मांग
ज्ञापन में कहा गया है कि विद्यालय के दोनों कक्ष कई वर्षों से अत्यंत जर्जर अवस्था में हैं। इन्हीं कमरों में प्रतिदिन विद्यार्थियों की पढ़ाई होती है, जबकि भवन का छज्जा लगातार टूटकर गिर रहा है। इससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि समय रहते भवन की मरम्मत नहीं कराई गई तो विद्यार्थियों और शिक्षकों की जान जोखिम में पड़ सकती है।
शिक्षा विभाग से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग
पंचायत समिति सदस्यों ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शिक्षा विभाग से तत्काल हस्तक्षे कर विद्यालय भवन की मरम्मत कराने की मांग की। उनका कहना है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी ह।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड प्रमुख पानी सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे जिला शिक्षा पदाधिकारी से पत्राचार करने के साथ-साथ उनसे वार्ता भी करेंगे, ताकि विद्यालय के जर्जर कमरों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित हो सके।
ज्ञापन सौंपने वालों में पंचायत समिति सदस्य झरना मिश्रा, सुनील गुप्ता, सुशील कुमार, सोनिया भूमिज, जैस्मिन गुड़िया तथा वार्ड सदस्य उमेश पांडे शामिल थे।


