Ranchi : 100 करोड़ रुपये के झारखंड शराब घोटाले में गिरफ्तार आईएएस अधिकारी विनय चौबे इन दिनों रांची के रिम्स अस्पताल के पेइंग वार्ड में भर्ती हैं। ब्लड प्रेशर की शिकायत के बाद उन्हें बिरसा मुंडा जेल (होटवार) से रिम्स लाया गया, जहां डॉक्टरों की पांच सदस्यीय टीम उनकी सेहत पर लगातार निगरानी रख रही है।
मेडिकल टीम में मेडिसिन विभाग से डॉ ऋषि तुहिन गुड़िया और डॉ अजीत डुंगडुंग, नेफ्रोलॉजी से डॉ प्रज्ञा पंत घोष, और कार्डियोलॉजी से डॉ मृणाल कुंज शामिल हैं।डॉ प्रज्ञा पंत घोष ने बताया कि विनय चौबे के ब्लड और यूरिन की रिपोर्ट आने के बाद उनकी दवाओं में बदलाव किया जा सकता है। उन्हें पहले से किडनी से जुड़ी समस्या भी है, इसलिए विशेष निगरानी में रखा गया है।
गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे विनय चौबे को जेल से लाकर रिम्स की सेंट्रल इमरजेंसी में प्रारंभिक जांच की गई, जिसके बाद उन्हें भर्ती किया गया। फिलहाल उन्हें जेल प्रशासन की अनुमति से घर का बना हुआ खाना दिया जा रहा है, जो उनकी बीमारी को ध्यान में रखकर तैयार किया जाता है।एंटी करप्शन ब्यूरो ने 21 मई को पूछताछ के बाद विनय चौबे को गिरफ्तार किया था। कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें होटवार जेल भेजा गया था।

