
रांची: झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने झारखंड सचिवालय सेवा के अंतर्गत कार्यरत 89 प्रशाखा पदाधिकारी एवं सहायक प्रशाखा पदाधिकारियों के स्थानांतरण एवं पदस्थापन का आदेश जारी किया है। इनमें जेपीएससी एवं जेएसएससी के 11 हैं। विभाग ने गुरुवार को अधिसूचना जारी कर दी है।
जारी अधिसूचना के अनुसार, 30 जुलाई को आयोजित विभागीय स्थापना समिति की बैठक में की गई अनुशंसा के आधार पर अधिकारियों का स्थानांतरण करते हुए उन्हें अगले आदेश तक विभिन्न विभागों एवं कार्यालयों में पदस्थापित किया गया है।
कौन कहां से कहां गए
स्थानांतरित किए गए अधिकारियों में रूपेश कुमार सिंह को मुख्यमंत्री सचिवालय से स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, कृष्ण कुमार को मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग से प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय, सुदर्शन कुमार दूबे को उद्योग विभाग से कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग, कुमार भाष्कर को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग से ग्रामीण विकास विशेष प्रक्षेत्र (ग्रामीण कार्य विभाग), अजय मरांडी को कार्मिक विभाग से कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, ध्रुव ज्योति को कार्मिक विभाग से उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग तथा शालिनी गुप्ता को नगर विकास विभाग में पदस्थापित किया गया है।
इसी प्रकार शक्ति कुमार, संजीव कुमार ठाकुर, तपन कुमार पंडित, सुधीर लकड़ा, सुकरा भगत, प्रेम कुमार, मुकेश मोदी समेत कुल 89 प्रशाखा एवं सहायक प्रशाखा पदाधिकारियों को विभिन्न विभागों और कार्यालयों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्मिक विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी स्थानांतरित पदाधिकारी तत्काल प्रभाव से अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देंगे। यह आदेश अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।
Read Also: Simdega News : तेज रफ्तार कार ने तीन को कुचला, लाइन होटल के संचालक की पत्नी की मौत https:

