Home » Jharkhand Weather : झारखंड में मौसम ने बदला रुख, वज्रपात और दीवार गिरने से चार की मौत, 25 जून तक येलो अलर्ट

Jharkhand Weather : झारखंड में मौसम ने बदला रुख, वज्रपात और दीवार गिरने से चार की मौत, 25 जून तक येलो अलर्ट

by Rakesh Pandey
Jharkhand Weather News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड में मानसून की गतिविधियां धीरे-धीरे तेज होने लगी हैं। राज्य के कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश दर्ज की जा रही है, जबकि मेघ गर्जन और वज्रपात की घटनाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया है। बीते 24 घंटों के दौरान अलग-अलग जिलों में वज्रपात और दीवार गिरने की घटनाओं में चार लोगों की जान चली गई। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश हिस्सों के लिए 25 जून तक येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

कई जिलों में बारिश, बहरागोड़ा में सर्वाधिक वर्षा

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मानसून के प्रभाव से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम जिला के बहरागोड़ा में सबसे अधिक 18 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। राजधानी रांची में सुबह और शाम के समय हल्की बारिश हुई, जहां लगभग तीन मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं मेदिनीनगर में करीब दो मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

चार जिलों में वज्रपात और हादसों से चार लोगों की मौत

गढ़वा जिले के धुरकी थाना क्षेत्र स्थित तेतमा गांव में वज्रपात की चपेट में आने से 18 वर्षीय चंदा कुमारी की मौत हो गई। इसी घटना में टेढ़ी हरैया गांव के तौहीद अंसारी घायल हो गए। कोडरमा जिले के डोमचांच प्रखंड के फुलवरिया गांव में बारिश के दौरान ईंट की दीवार गिरने से 40 वर्षीय आरती देवी की मौत हो गई। लातेहार जिले के हेरहंज क्षेत्र के मारी गांव में वज्रपात की घटना में 35 वर्षीय सरोज गंझू की जान चली गई।

गुमला जिले के पालकोट प्रखंड के चिरोडीह गांव में भी एक वृद्ध व्यक्ति सैबू भोगता की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। इसके अलावा पलामू जिले के पाटन साप्ताहिक बाजार में बिजली गिरने की घटना में पांच लोग घायल हुए हैं।

25 जून तक बारिश और वज्रपात की संभावना

मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में 25 जून तक मेघ गर्जन, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर तेज हवा चलने के भी आसार हैं। विभाग के अनुसार 20 जून को गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों में तापमान में वृद्धि हो सकती है, जबकि शेष क्षेत्रों में बादल छाए रहने और वर्षा गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। येलो अलर्ट के तहत लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

सामान्य से 56 प्रतिशत कम बारिश

मानसून सीजन के शुरुआती 19 दिनों में झारखंड में सामान्य से काफी कम वर्षा दर्ज की गई है। एक जून से 19 जून के बीच राज्य में कुल 37.1 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 83.7 मिलीमीटर मानी जाती है। इस प्रकार राज्य में वर्षा की कमी 56 प्रतिशत दर्ज की गई है।

धनबाद में भी मानसून की रफ्तार कमजोर बनी हुई है। यहां सामान्य 96.2 मिलीमीटर वर्षा के मुकाबले केवल 46.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से 52 प्रतिशत कम है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना नहीं है और केवल छिटपुट वर्षा की स्थिति बनी रह सकती है।

तापमान में उतार-चढ़ाव जारी

मेदिनीनगर राज्य का सबसे गर्म क्षेत्र रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि पिछले 24 घंटों में यहां तापमान में 1.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई। दूसरी ओर राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो एक दिन पहले की तुलना में 3.5 डिग्री सेल्सियस कम है।

23 जून के बाद मानसून पकड़ सकता है रफ्तार

मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में पंजाब से बिहार तक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ निचले और मध्य क्षोभमंडल में चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से राज्य में गरज-चमक और वज्रपात की स्थितियां बनी हुई हैं।

Read Also- एमजीएम अस्पताल में टला बड़ा हादसा, चौथी मंजिल से कूदने जा रहे मरीज को दूसरे मरीज ने बचाया

Related Articles

Leave a Comment