Home » RANCHI NEWS: लाखों रुपये के गमले में एक भी पौधा नहीं, अनदेखी की चढ़ गए भेंट

RANCHI NEWS: लाखों रुपये के गमले में एक भी पौधा नहीं, अनदेखी की चढ़ गए भेंट

डिवाइडर पर 1हजार गमलों में लगाए गए थे तरह तरह के पौधे, सीएम हेमंत सोरेन ने किया था फ्लाईओवर का उद्घाटन

by Vivek Sharma
कांटाटोली फ्लाईओवर
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

RANCHI: रांची के कांटाटोली फ्लाईओवर को शहर को जाम मुक्त बनाने के उद्देश्य से निर्माण कराया गया है। इसकी खूबसूरती बढ़ाने के उद्देश्य से फ्लाईओवर के डिवाइडर पर लगाए गए सीमेंट के गमले में कभी रंग-बिरंगे पौधे लगे थे। लेकिन ये अनदेखी की भेंट चढ़ गए हैं। लाखों रुपये की लागत से लगाए गए इन गमलों में अब एक भी पौधा नहीं बचा है। स्थिति ये है कि अब ये गमले भी टूटकर बर्बाद हो रहे हैं।

कभी था सेल्फी प्वाइंट

जानकारी के अनुसार फ्लाईओवर के डिवाइडर पर करीब 1 हजार सीमेंट के गमले लगाए गए थे, जिनमें विभिन्न प्रकार के सजावटी पौधे लगाए गए थे। इसका उद्देश्य शहर की सुंदरता बढ़ाना और हरियाली को प्रोत्साहित करना था। फ्लाईओवर के उद्घाटन के समय यह दृश्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ था और लोगों ने इसकी सराहना भी की थी। वहीं लोगों के लिए ये सेल्फी प्वाइंट भी बना हुआ था। आज इस जगह पर लोग रुकते भी नहीं है।

सीएम ने किया था उद्घाटन

इस फ्लाईओवर का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पिछले साल किया था। उद्घाटन के दौरान इसे आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल विकास का उदाहरण बताया गया था। लेकिन कुछ ही महीनों में इसकी स्थिति बदतर हो गई है। रख-रखाव के अभाव में पौधे सूख गए और अब गमले खाली पड़े हैं। स्थिति सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं है। कई जगहों पर गमले टूटने भी लगे हैं, जिससे न सिर्फ सौंदर्य प्रभावित हो रहा है बल्कि दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।

शुरुआत में भरपूर देखभाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि शुरुआत में तो नियमित देखभाल की गई, लेकिन बाद में विभाग ने इस ओर ध्यान देना बंद कर दिया। नगर निगम और संबंधित विभाग की इस लापरवाही पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि यदि इतनी बड़ी राशि खर्च की गई थी तो उसके रख-रखाव की भी उचित व्यवस्था होनी चाहिए थी। ये पूरी तरह से पैसे की बर्बादी है। यदि समय पर पौधों को पानी, खाद और सुरक्षा नहीं दी जाए तो इस तरह की स्थिति उत्पन्न होना तय है। शुरुआत में तो पौधों की भरपूर देखभाल की गई। आज की स्थिति किसी से छिपी नहीं है।

Related Articles

Leave a Comment