सेंट्रल डेस्क/NEET-UG Paper Leak Case: मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित की जानेवाली परीक्षा नीट (National Eligibility cum Entrance Test) का आयोजन करनेवाली एजेंसी एनटीए (National Testing Agency) पूरी तरह सवालों के घेरे में है। नीट के पेपर लीक होने का मामला आजकल सुर्खियों में है। उधर, पेपर लीक होने के मामले में पहली बड़ी कार्रवाई की गई है। केंद्र सरकार ने एनटीए के महानिदेशक (DG) सुबोध कुमार को उनके पद से हटा दिया है।
NEET-UG Paper Leak Case: प्रतीक्षा सूची में सुबोध कुमार, प्रदीप सिंह को प्रभार
नीट और यूजीसी नेट जैसी प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षाओं के पेपर लीक होने के मामले में किसी शीर्ष अधिकारी पर यह पहली गाज गिरी है। केंद्र सरकार ने एनटीए के महानिदेशक सुबोध कुमार को उनके पद से हटाकर उन्हें प्रतीक्षा सूची में डाल दिया है। उनकी जगहह इंडिया ट्रेड प्रोमोशन ऑर्गनाइजेशन के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक प्रदीप सिंह खोसला को एनटीए महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। बताया जाता है कि इस मामले में अभी और अधिकारी नपेंगे।
NEET-UG Paper Leak Case: सीबीआई करेगी मामले की जांच
नीट पेपर लीक होने के मामले की जांच अब सीबीआई करेगी। शिक्षा मंत्रालय ने नीट यूजी में अनियमितताओं के मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी है। उधर, रविवार 23 जून को होनेवाली नीट-पीजी को भी रद्द कर दिया गया है। इस परीक्षा की अगली तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी। शिक्षा मंत्रालय ने कहा है कि छात्रों के सर्वोत्तम हित और परीक्षा प्रक्रिया की पवित्रता बनाए रखने के लिए परीक्षा स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
NEET-UG Paper Leak Case: आरोपियों का होगा नार्को टेस्ट
नीट यूजी पेपर लीक होने के मामले में सरकारी एजेंसियां सक्रिय हैं। मामले की जांच कर रही आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की अलग-अलग टीमें बिहार-झारखंड के अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं। वहीं इस मामले में पकड़े गए आरोपियों के नार्को टेस्ट कराने की भी तैयारी की जा रही है। झारखंड के देवघर में शुक्रवार की देर रात छापेमारी कर पेपर लीक से जुड़े छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। झारखंड के हजारीबाग में कुरियर एजेंसी में भी छानबीन की गई है। एजेंसी ने बताया है कि उनके पास ट्रक में प्रश्न पत्र पहुंचे थे।
Read also:- बिहार से आकर कोडरमा के रेस्टोरेंट में पी शराब, बिल पेमेंट के विवाद में गोली मार दो की हत्या

