
चक्रधरपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के राउरकेला स्टेशन परिसर में यात्रियों को धूप और बारिश से राहत देने के लिए बना नवनिर्मित शेड सोमवार को भरभरा कर गिर पड़ा। हादसे में शेड के नीचे खड़ी एक कार और टेम्पो दबकर क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि कोई यात्री हताहत नहीं हुआ।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार यह शेड करीब 1 करोड़ रुपये की लागत से दो माह पहले ही तैयार किया गया था। कुछ दिन पहले ही इसकी चादर गिर गई थी। सोमवार को हुई तेज बारिश के कारण पूरा शेड ही धराशायी हो गया। शेड गिरते ही स्टेशन पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। यात्री जान बचाकर इधर-उधर भागे। मलबे में दबे वाहनों को निकालने के लिए लोगों ने मदद की।
दूसरे गेट पर भी परेशानी
वहीं स्टेशन के दूसरे प्रवेश द्वार पर बारिश का पानी जमा हो गया। इससे पार्किंग में खड़ी गाड़ियां डूब गईं और यात्रियों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल
इतनी बड़ी लागत और इतने कम समय में शेड का गिर जाना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर रहा है। यात्रियों और स्थानीय लोगों ने कहा कि चक्रधरपुर रेल मंडल में हो रहे अन्य निर्माण कार्यों की भी जांच होनी चाहिए। यात्रियों ने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों और रेल मंत्रालय से मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। दोषी ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही न हो।फिलहाल रेलवे की टीम मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और क्षतिग्रस्त वाहनों को बाहर निकालने के काम में जुटी है। रेल प्रशासन ने कहा है कि घटना की आंतरिक जांच की जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे कदम उठाए जाएंगे।

