Jamshedpur : जमशेदपुर के जुबली पार्क स्थित निको पार्क में बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ शराब के नशे में धुत युवकों ने पार्क परिसर में जमकर उत्पात मचाया। युवकों की हरकतों से पार्क का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया और वहां घूमने पहुंचे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इन युवकों ने वाटर पार्क में एक युवती के साथ छेड़छाड़ कर दी। इसके बाद हंगामा खड़ा हो गया। लोगों ने युवकों को पकड़ लिया। पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती वाटर पार्क आई थी। यहां युवकों ने उसे घेर कर उसके साथ बदतमीजी शुरु कर दी। वहीं, युवकों का कहना है तो उन्होंने छेड़छाड़ नहीं की है। स्लाइड करने के दौरान युवती को ठोकर लग गई। इसी के बाद हंगामा हुआ।
बताया जा रहा है कि शराबी युवक तेज आवाज में शोर-शराबा कर रहे थे और पार्क में मौजूद लोगों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे थे। उनकी हरकतों से परिवार और बच्चों के साथ आए लोग खुद को असुरक्षित महसूस करने लगे। स्थिति ऐसी हो गई कि कई परिवारों ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए पार्क छोड़कर बाहर निकलना ही उचित समझा।
घटना के दौरान पार्क परिसर में कुछ देर के लिए डर और तनाव का माहौल बना रहा। लोगों ने आरोप लगाया कि युवकों की वजह से पार्क की शांति भंग हो गई और आम लोगों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा।
मामले की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित करते हुए हंगामा कर रहे युवकों को वहां से हटाया। साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पार्क परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि निको पार्क जैसे सार्वजनिक स्थलों पर नियमित पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए, ताकि परिवारों और बच्चों को सुरक्षित माहौल मिल सके।

