
Seraikela : प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) के तहत गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पंजीकरण के लिए चलाए गए विशेष अभियान में सरायकेला-खरसावां जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए झारखंड में दूसरा स्थान हासिल किया है। वहीं, इस अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर झारखंड पूरे देश में पहले स्थान पर रहा।
महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के निर्देश तथा उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह और उप विकास आयुक्त के मार्गदर्शन में 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक जिले में विशेष पंजीकरण अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से जोड़ना था।
अभियान के दौरान सरायकेला-खरसावां जिले को 1,202 लाभुकों के पंजीकरण का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन जिले ने लक्ष्य से कहीं बेहतर प्रदर्शन करते हुए 2,065 महिलाओं का पंजीकरण कराया। यह निर्धारित लक्ष्य का 171 प्रतिशत है, जिसके आधार पर जिले ने राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
इस उपलब्धि पर उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता विभागीय समन्वय, सतत निगरानी, क्षेत्रीय स्तर पर प्रभावी कार्यप्रणाली और जनसहभागिता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण योजना है और प्रत्येक पात्र महिला तक समय पर इसका लाभ पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विशेष अभियान की सफलता को नियमित पंजीकरण प्रक्रिया में भी कायम रखा जाए। साथ ही प्रत्येक पात्र लाभुक की पहचान कर उन्हें समय पर योजना का लाभ दिलाने तथा जन-जागरूकता अभियान लगातार चलाने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उप विकास आयुक्त, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सभी सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिकाओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं, अभियान से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ-साथ योजना के तहत पंजीकरण कराने वाली सभी गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के संयुक्त प्रयास और आमजन के सहयोग से ही जिला यह उपलब्धि हासिल कर सका है।

