RANCHI: आगामी 15 नवंबर से सिकोकई कराटे इंटरनेशनल झारखंड व इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकेडमी के संयुक्त तत्वाधान में रांची के बिशप स्कूल में आयोजित दूसरी सिकोकई झारखंड ओपन कराटे चैंपियनशिप के लिए मेजबान टीम रांची के कराटे खिलाड़ियों की तैयारी चल रही है। पहले चरण के सात दिवसीय कराटे प्रशिक्षण शिविर का समापन इमा के मुख्य प्रशिक्षण केन्द्र संत जोसेफ क्लब में हुआ। जहां शिविर के अंतिम दिन इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकेडमी के तकनीकी निदेशक सह नेशनल कोच शिहान सुनील किस्पोट्टा ने खिलाड़ियों को एडवांस कुमिते और काता का प्रशिक्षण दिया। जिसमें खिलाड़ियों को अलग अलग तकनीक से स्कोर करने के तरीके बताए गए।
नए नियमों की दी गई जानकारी
इस दौरान विश्व कराटे संघ के नए नियमों की जानकारी खिलाड़ियों को दी गई। शिहान सुनील किस्पोट्टा ने बताया कि सात दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर में रांची के विभिन्न स्कूलों एवं क्लबों में खिलाड़ियों की तकनीकों को निखारा गया है। जिससे खिलाड़ी अपना उम्दा प्रदर्शन कर सकेंगे। दूसरे चरण का प्रशिक्षण शिविर भी जल्द आयोजित किया जाएगा। जिसमें अन्य स्कूलों और क्लबों के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। इस प्रशिक्षण शिविर के सफल आयोजन में इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकेडमी के अध्यक्ष संसाइ अनिल किस्पोट्टा समेत अन्य ने अपना महत्वपूर्ण सहयोग दिया है।

