
Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित स्मार्ट सिटी परिसर में सोमवार देर रात एक व्यक्ति का शव पेड़ पर फंदे के सहारे लटका हुआ मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस को घटनास्थल से मृतक की ई-रिक्शा भी बरामद हुई है। शव के साथ ई-रिक्शा मिलने से मामला संदिग्ध माना जा रहा है। शुरुआती जांच में पुलिस आत्महत्या और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही है।
मृतक का नाम सूरज नायक है। वह धुर्वा के सेक्टर-3 स्थित थेथरकोचा का रहने वाला था। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।
फिलहाल, पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सूरज नायक ने किसी आर्थिक या पारिवारिक परेशानी के कारण आत्महत्या की या फिर उनकी हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ई-रिक्शा के रजिस्ट्रेशन नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
Read Also: Ranchi Crime: नाबालिग बहनों से सामूहिक दुष्कर्म मामले में सुशील उरांव दोषी करार

