Home » Share Market: सेंसेक्स ने लगाई 969 अंकों की छलांग, अभी जारी रहेगी तेजी, पढें पूरे सप्ताह की रिपोर्ट

Share Market: सेंसेक्स ने लगाई 969 अंकों की छलांग, अभी जारी रहेगी तेजी, पढें पूरे सप्ताह की रिपोर्ट

by Rakesh Pandey
Share Market Update
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कारोबार डेस्क। नए शिखर पर Share Market : अनुकूल घरेलू वृहद-आर्थिक आंकड़ों और अमेरिका में ब्याज दर को लेकर चिंताएं कम होने से स्थानीय शेयर बाजार के दोनों प्रमुख सूचकांक शुक्रवार को नए शिखर पर पहुंच गए। बीएसई सेंसेक्स 969 अंक से अधिक उछलकर पहली बार 71,000 अंक के स्तर को पार कर गया। कारोबारियों ने कहा कि विदेशी निवेशकों की निरंतर खरीदारी के बीच सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), प्रौद्योगिकी एवं धातु शेयरों में भारी खरीदारी होने से घरेलू इक्विटी बाजार की तेजी को रफ्तार मिली।

घरेलू बाजार में लगातार तीसरे दिन रही बढ़त

घरेलू बाजारों में लगातार तीसरे दिन बढ़त रही। बीएसई का 30 शेयरों (Share Market) वाला सूचकांक सेंसेक्स 969.55 अंक यानी 1.37 प्रतिशत की बड़ी छलांग लगाते हुए 71,483.75 के अपने रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,091.56 अंक यानी 1.54 प्रतिशत तक बढ़कर 71,605.76 पर पहुंच गया था जो इसका उच्चतम कारोबारी स्तर भी है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी भी 273.95 अंक यानी 1.29 प्रतिशत चढ़कर 21,456.65 के अपने नए शिखर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान इसने 309.6 अंक यानी 1.46 प्रतिशत की तेजी के साथ 21,492.30 के अपने रिकॉर्ड कारोबारी स्तर को भी छुआ।

क्या है विषज्ञों की राय

शेयर बाजार के विशेषज्ञों ने बताया कि निफ्टी के बढ़ने का सिलसिला बाजार पर तेजड़ियों के नियंत्रण से मेल खाता है। एक नया सर्वकालिक उच्च स्तर हासिल कर सूचकांक ने लगातार सातवें हफ्ते में बढ़त के साथ समापन किया है। साप्ताहिक आधार पर बीएसई सेंसेक्स में कुल 1,658.15 अंक यानी 2.37 प्रतिशत की तेजी रही जबकि एनएसई निफ्टी में 487.25 अंक यानी 2.32 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। एक अन्य विशेषज्ञ ने बताया कि बाजार में उछाल जारी रहा क्योंकि निवेशकों को उम्मीद है कि अमेरिका की आर्थिक वृद्धि पर छाए बादल 2024 की दूसरी छमाही तक छंट जाएंगे और मौद्रिक नीति के सामान्य होने से अर्थव्यवस्था की रफ्तार और तेज होगी।

भारतीय इक्विटी बाजारों में बढ़ा विदेशी पूंजी का प्रवाह

(Share Market) विश्लेषकों के मुताबिक, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर को अपरिवर्तित रखने और अगले साल दर में कटौती के संकेत देने से भारतीय इक्विटी बाजारों में लगातार विदेशी पूंजी का प्रवाह बढ़ा है और इसने शेयरों में तेजी को बढ़ावा दिया है। इसके अलावा घरेलू स्तर पर कई सकारात्मक आर्थिक आंकड़ों ने भी तेजी को बल दिया है। सितंबर तिमाही की वृद्धि दर 7.6 प्रतिशत रही है और विनिर्माण क्षेत्र का पीएमआई 56 पर जा चुका है। कच्चे तेल की कीमतें 76 डॉलर प्रति बैरल के करीब आने से भी धारणा को मजबूती मिली है।

एचसीएल, इन्फोसिस व टीसीएस का कमाल

सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से एचसीएल टेक्नोलॉजीज में सर्वाधिक 5.58 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। इसके बाद टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और इन्फोसिस, भारतीय स्टेट बैंक, टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, एनटीपीसी और विप्रो का स्थान रहा। इसके उलट नेस्ले, भारती एयरटेल, मारुति और आईटीसी के शेयरों में गिरावट का रुख रहा। अधिक शेयरों का प्रतिनिधित्व करने वाला बीएसई स्मालकैप सूचकांक में 0.58 प्रतिशत की तेजी रही लेकिन मिडकैप सूचकांक में 0.07 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। क्षेत्रवार सूचकांकों में आईटी खंड में 4.41 प्रतिशत, प्रौद्योगिकी खंड में 3.64 प्रतिशत और धातु खंड में 1.78 प्रतिशत का उछाल रहा। हालांकि एफएमसीजी (दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियां), वाहन, रियल्टी एवं सेवा क्षेत्रों में गिरावट रही।

जाने विश्व भर के Share Market का हाल

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग चढ़कर बंद हुए जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक निचले स्तर पर बंद हुआ। यूरोपीय बाजार मिलेजुले रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। गुरुवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे। एचडीएफसी सिक्योरिटीज में उप प्रमुख (खुदरा शोध) देवर्ष वकील ने कहा कि तेजी के बीच बीएसई में सूचीबद्ध सभी कंपनियों का कुल बाजार मूल्यांकन इस सप्ताह 8.55 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 357.78 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने अपनी खरीदारी की गति जारी रखी है। उन्होंने गुरुवार को 3,570.07 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.33 प्रतिशत चढ़कर 76.86 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

रुपया 27 पैसे उछलकर 83.03 प्रति डॉलर पर बंद

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 27 पैसे के उछाल के साथ 83.03 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। घरेलू शेयरों में रिकॉर्ड तेजी आने और विदेशी संस्थागत निवेशकों के लगातार निवेश बढ़ने के बीच रुपये में तेजी आई है। बाजार सूत्रों ने कहा कि शेयर बाजार में रिकॉर्ड तेजी का दौर जारी रहा। बीएसई सेंसेक्स पहली बार 71,000 अंक पार गया है। विदेशी संस्थागत निवेशकों की भारी लिवाली से भी रुपये की धारणा मजबूत हुई है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.30 प्रति डॉलर अपरिवर्तित रुख लिए खुला। शुरूआती कारोबार में 83.32 प्रति डॉलर के निम्न स्तर को छूने के बाद 82.94 प्रति डॉलर के उच्चतम स्तर पर जा पहुंचा। रुपया अंत में पिछले बंद भाव के मुकाबले 27 पैसे की तेजी के साथ 83.03 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

रुपये में 37 पैसे की तेजी

साप्ताहिक आधार पर रुपये में 37 पैसे की तेजी देखी गई। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 101.01 पर अपरिवर्तित रहा। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.44 प्रतिशत बढ़कर 76.94 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। अनुकूल घरेलू वृहद आर्थिक आंकड़ों और अगले साल ब्याज दर में कटौती की उम्मीद के कारण निवेशकों की तेजी की धारणा के बीच घरेलू शेयर बाजार नए शिखर पर पहुंच गए।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 969.55 अंक की तेजी के साथ 71,483.75 अंक पर बंद हुआ। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने गुरुवार को 3,570.07 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे|

विदेशी मुद्रा भंडार 606.86 अरब डॉलर पर पहुंचा

देश का विदेशी मुद्रा भंडार आठ दिसंबर को समाप्त सप्ताह में 2.82 अरब डॉलर बढ़कर 606.86 अरब डॉलर हो गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे पिछले सप्ताह देश का कुल मुद्रा भंडार 6.11 अरब डॉलर बढ़कर 604.04 अरब डॉलर हो गया था। उल्लेखनीय है कि अक्टूबर 2021 में, देश का विदेशी मुद्राभंडार 645 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई थी।

पिछले साल से वैश्विक गतिविधियों के कारण दबाव के बीच केंद्रीय बैंक ने रुपये की विनिमय दर बनाए रखने के लिए मुद्राभंडार का उपयोग किया। इससे मुद्रा भंडार प्रभावित हुआ। रिजर्व बैंक के साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार, आठ दिसंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा विदेशी मुद्रा आस्तियां 3.08 अरब डॉलर बढ़कर 536.69 अरब डॉलर हो गयी।

19.9 करोड़ डॉलर घटकर 47.13 अरब डॉलर हुआ स्वर्ण भंडार का मूल्य

डॉलर में अभिव्यक्त की जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं में घट-बढ़ के प्रभावों को शामिल किया जाता है। आरबीआई के अनुसार स्वर्ण भंडार का मूल्य 19.9 करोड़ डॉलर घटकर 47.13 अरब डॉलर रह गया। विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 6.3 करोड़ डॉलर घटकर 18.19 अरब डॉलर रह गया। आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास रखा देश का मुद्रा भंडार 1.1 करोड़ डॉलर घटकर 4.84 अरब डॉलर रह गया।

READ ALSO: Sugar Mill : चीनी मिलों को गन्ने के रस व शीरे से एथनॉल बनाने की फिर से मिली मंजूरी, अब शेयर के भाव छूएंगे आसमान

Related Articles