RANCHI: रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र स्थित कुम्हार टोली चूना भट्ठा में पुलिस की छापेमारी से हड़कंप मच गया। रांची एसएसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई। टीम ने इलाके में छापेमारी करते हुए 4 लोगों को ब्राउन शुगर के साथ अरेस्ट किया। वहीं कैश भी बरामद किया है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अमित कुमार सोनू और अनिकेत कुमार के घर में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान SIT को 6 लाख 60 हजार रुपये मूल्य की 33.18 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके अलावा 5 लाख 82 हजार रुपये नगद भी जब्त किए गए। पुलिस ने मौके से अनिकेत कुमार, अमित कुमार सोनी, सोनू कुमार और अनिशा कुमारी को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान एक कमरे में बेड पर महिला को बड़ी मात्रा में नकदी के साथ सोते हुए पाया गया। जांच में पता चला कि आरोपी पुलिस को चकमा देने के लिए नकदी छिपाकर रख रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में अमित कुमार सोनू हाल ही में जेल से बाहर आया था। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।

