Home » Jamshedpur News : टाटा स्टील के फिटमेंट स्लिप में वेतन गणना से कर्मचारियों में असंतोष, ओएस और एनएस ग्रेड में नुकसान का दावा

Jamshedpur News : टाटा स्टील के फिटमेंट स्लिप में वेतन गणना से कर्मचारियों में असंतोष, ओएस और एनएस ग्रेड में नुकसान का दावा

फिटमेंट स्लिप बुधवार को कंपनी के आधिकारिक SAP Fiori पोर्टल पर हुआ जारी

by Arvind Shrivastava
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : टाटा स्टील के कर्मचारियों के वेज रिवीजन समझौते के बाद फिटमेंट स्लिप बुधवार को कंपनी के आधिकारिक SAP Fiori पोर्टल पर जारी कर दी गई। प्रबंधन और यूनियन के बीच बैठक के बाद जारी फिटमेंट स्लिप का अध्ययन करने पर ओल्ड सीरीज (ओएस) और एनएस ग्रेड के कर्मचारियों के वेतन निर्धारण को लेकर कई सवाल उठे हैं। कर्मचारियों के एक वर्ग का दावा है कि फिटमेंट के कारण उन्हें अपेक्षित लाभ के मुकाबले आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

ओएस कर्मचारियों को एमजीबी में कटौती का दावा

जारी फिटमेंट के अनुसार, ओल्ड सीरीज के कर्मचारियों को 10 प्रतिशत के बजाय 5 प्रतिशत एमजीबी (मिनिमम गारंटीड बेनीफिट) के आधार पर इंक्रीमेंट मिलने की बात सामने आई है। समझौते के अनुसार 1 जनवरी 2025 से 31 मार्च 2026 तक 5 प्रतिशत एमजीबी और 1 अप्रैल 2026 से अतिरिक्त 5 प्रतिशत एमजीबी लागू होना है। कर्मचारियों के मुताबिक, इससे एरियर की गणना को लेकर भी अंतर पैदा हुआ है।

एनएस ग्रेड के करीब 2200 कर्मचारियों की इंक्रीमेंट तिथि प्रभावित

एनएस ग्रेड के करीब 2200 कर्मचारियों की इंक्रीमेंट तिथि दो से 11 माह तक आगे बढ़ाए जाने का दावा किया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि इससे उनके मासिक वेतन में 1500 रुपये से अधिक का अंतर पड़ सकता है। फिटमेंट स्लिप जारी होने के बाद कर्मचारी अपने-अपने वेतन निर्धारण और इंक्रीमेंट की तारीख की जांच कर रहे हैं।

एरियर भुगतान का भी किया गया प्रावधान

वेज रिवीजन के तहत जून और जुलाई 2026 के भत्तों का एरियर कर्मचारियों को मिलने की बात कही गई है। वहीं बेसिक और एचआरए का एरियर नवंबर में दिए जाने की जानकारी है। 1 जनवरी 2025 से 31 मार्च 2026 तक 15 माह के एरियर में 5 प्रतिशत एमजीबी के आधार पर भुगतान होगा। वहीं तीन माह के एरियर का भुगतान पुनरीक्षित वेज के 10 प्रतिशत एमजीबी के आधार पर अक्तूबर के वेतन के साथ किए जाने की बात कही गई है।

24 जून को हुआ था सात साल का वेज समझौता

गौरतलब है कि टाटा स्टील के कर्मचारियों का वेज रिवीजन समझौता 24 जून 2026 को हुआ था। सात वर्ष के लिए हुए समझौते की अवधि 1 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2031 तक है। समझौते के तहत कर्मचारियों के वेतन में न्यूनतम 16,111 रुपये और अधिकतम 30,793 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी हुई है। इसके बाद अधिकतम वेतनमान 1,36,535 रुपये प्रतिमाह तक पहुंच गया है।

ओल्ड सीरीज के कर्मचारियों के लिए एमजीबी को वर्तमान बेसिक और डीए के 10 प्रतिशत तक किया गया है। हालांकि, 1 जनवरी 2025 से 31 मार्च 2026 तक 5 प्रतिशत एमजीबी और 1 अप्रैल 2026 से अतिरिक्त 5 प्रतिशत एमजीबी लागू किया जाना है। इसके अलावा विभिन्न भत्तों में करीब 3,000 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि तथा बेसिक सैलरी पर तीन प्रतिशत वार्षिक इंक्रीमेंट का प्रावधान है।

ओएस-1 का वेतन 86 हजार से अधिक, ओएस-12 में 1.36 लाख

समझौते के तहत ओल्ड सीरीज ग्रेड में 100 प्रतिशत वीडीए को समायोजित किया गया है। वीडीए समायोजन और भत्तों के भुगतान के बाद ओएस-1 ग्रेड का न्यूनतम वेतनमान 54,025 रुपये से बढ़कर 86,055 रुपये प्रतिमाह हो गया है। वहीं ओएस-12 की उच्चतम श्रेणी का वेतनमान 85,720 रुपये से बढ़कर 1,36,535 रुपये प्रतिमाह हो गया है।

एनएस ग्रेड में एमजीबी 5,500 से 9,300 रुपये तक बढ़ा

एनएस ग्रेड के कर्मचारियों के एमजीबी में न्यूनतम 5,500 रुपये और अधिकतम 9,300 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि हुई है। औसत एमजीबी 8,810 रुपये प्रतिमाह निर्धारित किया गया है। एनएस ग्रेड का एमजीबी दो हिस्सों में लागू होगा—पहला भाग 1 जनवरी 2025 से और दूसरा 1 अप्रैल 2026 से। इसी आधार पर कर्मचारियों को अक्टूबर एरियर का भुगतान किए जाने की बात कही गई है।

वहीं, कंपनी से सेवानिवृत्त हो चुके, ईएसएस ले चुके अथवा किसी अन्य कारण से कंपनी से अलग हो चुके कर्मचारियों को एरियर की 50 प्रतिशत राशि दिए जाने का प्रावधान बताया गया है। फिटमेंट स्लिप जारी होने के बाद अब कर्मचारियों के बीच वेतन निर्धारण, इंक्रीमेंट तिथि और एरियर की गणना को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Related Articles

Leave a Comment