Jamshedpur : टाटा स्टील के लीज नवीकरण से पहले बागबेड़ा, कीताडीह और घाघीडीह क्षेत्र की 15 पंचायतों में स्थायी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठ रही है। इसी मुद्दे को लेकर पूर्व जिला पार्षद किशोर यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार से बुधवार को मुलाकात की और विस्तृत मांग पत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि टाटा स्टील संयंत्र से मात्र तीन से पांच किलोमीटर की दूरी पर स्थित इन क्षेत्रों में टाटा ग्रुप से जुड़े स्थायी-अस्थायी कर्मचारी, ठेका मजदूर और उनके परिवार सहित लगभग एक लाख लोग रहते हैं। इसके बावजूद पेयजल, साफ-सफाई, स्वच्छता और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं स्थायी रूप से उपलब्ध नहीं हैं, जिससे क्षेत्रवासियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मांग पत्र में अनुरोध किया गया कि झारखंड सरकार द्वारा टाटा स्टील का लीज नवीकरण करने से पहले सीएसआर फंड से इन पंचायतों में पेयजल योजना, नियमित सफाई व्यवस्था, स्थायी बिजली आपूर्ति और अन्य आवश्यक सुविधाओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मामले को सुनने के बाद विधायक संजीव सरदार ने आश्वासन दिया कि विधानसभा सत्र में यह मुद्दा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि वे सरकारी स्तर पर सकारात्मक पहल के लिए प्रयास करेंगे। नेतृत्वकर्ता किशोर यादव ने बताया कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से सीधे मुलाकात कर यह मांग दोहराएगा, ताकि लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का स्थायी समाधान संभव हो सके।
इस दौरान पूर्व जिला पार्षद किशोर यादव, मुखिया मायावती टुडू, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, वार्ड सदस्य राजू ठाकुर, समाजसेवी विशाल सिंह और हर्ष सिंह समेत अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।
Read Also- Chaibasa News : मवेशी चराने गए युवक पर भालू ने किया हमला,गंभीर हालत में पहुंचाया गया अस्पताल

