सेंट्रल डेस्क: Darjeeling Train Accident: सोमवार की सुबह कंचनजंगा एक्सप्रेस के यात्रियों के लिए बड़ा दुस्वप्न लेकर आया। बंगाल के दार्जिलिंग जिले में सोमवार को सुबह करीब 8.45 बजे पीछे से आ रही मालगाड़ी ने जोरदार टक्कर मारी दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंचनजंगा एक्सप्रेस के कोच हवा में उछलकर उलट-पुलट गए। इस हादसे में अबतक नौ लोगों के मारे जाने की सूचना मिल रही है जबकि दर्जनों लोगों के घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।

Darjeeling Train Accident: मालगाड़ी की टक्कर के बाद पलटी ट्रेन
सियालदह कंचनजंगा एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त होने को लेकर मिल रही प्रारंभिक सूचना के अनुसार एक मालगाड़ी से टक्कर होने के कारण यह ट्रेन पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक कोच उछलकर इंजन के ऊपर चढ़ गया। वहीं एक अन्य कोच दूसरे कोच के ऊपर चढ़ गया तो एक कोच पटरी से उतरकर पलट गया।
कटिहार रेल मंडल क्षेत्र में घटना, हेल्पलाइन जारी
कंचनजंगा एक्सप्रेस और मालगाड़ी के बीच टक्कर की घटना कटिहार रेल मंडल अंतर्गत न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन के समीप रांगापानी क्षेत्र में सुबह करीब पौने नौ बजे हुई। शुरुआती जांच में सिग्नल की अवहेलना की बात सामने आ रही है। दुर्घटना में हताहतों के बारे में जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।
एक ही ट्रैक पर आ गईं दोनों ट्रेन
बंगाल के दार्जिलिंग में कंचनजंगा रेल हादसे के बारे में मिल रही जानकारी के अनुसार एक ही ट्रैक पर दोनों गाड़ियों के आ जाने से यह भीषण हादसा हो गया। कंचनजंगा एक्सप्रेस के पीछे की ओर के डिब्बों को ज्यादा नुकसान पहुंचा है। मृतक और घायल होनेवाले भी पीछे की कोच के ज्यादा हैं।
तीन कोच अलग कर रवाना की गई ट्रेन
कंचनजंगा एक्सप्रेस को टक्कर पीछे की ओर से लगी थी इसलिए पीछे की ओर लगे कोच को ज्यादा नुकसान पहुंचा। पीछे गार्ड का कोच, एक जेनरल कोच और पार्सल कोच को ज्यादा नुकसान पहुंचा।
राहत व बचाव कार्य के बाद ट्रेन के बाकी हिस्से को सियालदह के लिए रवाना कर दिया गया।
Darjeeling Train Accident: घटनास्थल पहुंचे रेल मंत्री, मुख्यमंत्री
दार्जिलिंग जिले के न्यू जलपाईगुड़ी के समीप रांगापानी में हुई ट्रेन दुर्घटना के बाद मौके पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पहुंच गए हैं। उन्होंने दुर्घटना के बारे में रेलवे के अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। साथ ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भी मौके पर पहुंचने की सूचना है।
रेलवे ने की मुआवजे की घोषणा
रेलवे की ओर से ट्रेन दुर्घटना के हताहतों के लिए मुआवजे की घोषणा की गई है। इसके अनुसार मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये दिए जाएंगे। गंभीर रूप से प्रत्येक घायल को 2.50 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये बतौर मुआवजा देने का ऐलान किया गया है।
Darjeeling Train Accident: राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक
कंचनजंघा एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के प्रति अपनी ओर से संवेदना व्यक्त की है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर किए गए पोस्ट में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि मेरी संवेदनाएं, प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। घटना काफी दुखद है। मृत लोगों के परिजनों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। प्रधानमंत्री ने भी कहा कि बंगाल में हुई रेल दुर्घटना काफी दुखद है। मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं जिन्होंने अपने लोगों को खो दिया। घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
क्या कहा केंद्रीय रेल मंत्री ने
वहीं एक्स पर किए गए पोस्ट में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि एनएफआर जोन में दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई। बचाव अभियान युद्ध स्तर पर चल रहा है। रेलवे, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ समन्वय बनाकर काम कर रहे हैं। दुर्घटना में घायल हुए लोगों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।

