रांची : राज्य के सबसे बड़े सरकारी हॉस्पिटल में व्यवस्था दुरुस्त करने के दावे प्रबंधन कर रहा है। वहीं एक दिन पहले ही प्रभारी निदेशक डॉ. शशिबाला सिंह ने भी पानी की सप्लाई दुरुस्त करने का निर्देश दिया था। लेकिन, शनिवार को ही पूरे हॉस्पिटल में पानी की सप्लाई फेल हो गई। इससे इलाज करा रहे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं आपरेशन थिएटर में भी इससे काम प्रभावित हुआ। सुबह से ही वार्डों में पानी नहीं आ रहा था। इनडोर में मरीजों के टॉयलेट जाने के लिए भी पानी नहीं था। ऐसे में मरीजों के परिजन बाहर से पानी लेकर आए और दैनिक काम निपटाया। इसके बाद पीने के लिए लोगों को बोतलबंद पानी खरीदना पड़ा। वहीं जार का पानी भी लोगों ने खरीदकर अपने काम निपटाए। सबसे ज्यादा परेशानी गंभीर मरीजों को हुई।

अपनी बोरिंग भी नहीं आई काम
हॉस्पिटल कैंपस में जगह-जगह पर डीप बोरिंग कराए गए है, ताकि इमरजेंसी में पानी की समस्या न हो। लेकिन, इससे भी मरीजों की जरूरत का पानी नहीं मिल सका। ऐसे में लोगों ने आसपास के चापानलों से पानी लाकर मरीजों के लिए रखा। वहीं पीने के लिए खरीदकर पानी लाना पड़ा। इस वजह से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं चिलचिलाती गर्मी ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है। देर शाम तक वार्डों में एक बूंद भी पानी की सप्लाई नहीं थी।
वार्डों में पसरी रही गंदगी
पानी की सप्लाई नहीं होने से वार्डों में गंदगी का आलम देखने को मिला। टॉयलेट का इस्तेमाल भी लोग कर रहे थे। लेकिन पानी नहीं होने के कारण उसकी भी सफाई नहीं हो सकी। इस वजह से इनडोर में भी मरीजों को गंदगी का सामना करना पड़ा। वहीं दुर्गंध के कारण लोग परेशान रहे। श इस मामले में हॉस्पिटल के पीआरओ डॉ. राजीव रंजन ने कहा कि हॉस्पिटल में पानी की सप्लाई नहीं होने से परेशानी तो हुई है। लेकिन, सर्जरी को टाला नहीं गया है। जल्द ही व्यवस्था ठीक हो जाएगी।

