
रांची : विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं JPSC और JSSC में गड़बड़ियों के खिलाफ जारी आंदोलन के दौरान घायल हुए छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो को तबीयत बिगड़ने के बाद सदर अस्पताल के हाई डिपेंडेंसी यूनिट भर्ती कराया गया है।
वार्ड के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। कड़े पहरे के कारण मिलने पहुंच रहे उनके समर्थकों को दिक्कतें आ रही हैं, जिससे अस्पताल परिसर में समर्थकों और पुलिस कर्मियों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है।
पूर्व सीएम ने जाना हाल
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अस्पताल पहुंचकर देवेंद्र महतो का हाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। इस दौरान छात्र नेता ने लाठीचार्ज की घटना और अपनी मांगों के बारे में पूर्व सीएम को अवगत कराया, जिस पर रघुवर दास ने गहरी चिंता जताई। बाद में वे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम जाकर अन्य प्रदर्शनकारी छात्रों से भी मिले।
बाकी घायल छात्रों की स्थिति में सुधार
सदर अस्पताल प्रशासन के अनुसार आंदोलन में घायल हुए अन्य सभी छात्रों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति अब सामान्य है।
स्वास्थ्य अपडेट: अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. विमलेश सिंह ने सभी घायल छात्रों से मिलकर उनके इलाज की समीक्षा की।
राहुल क्रांति: छात्र नेता राहुल क्रांति की सेहत में भी काफी सुधार है और उन्हें जल्द ही डिस्चार्ज किया जा सकता है।
डॉक्टरों की निगरानी: सभी घायलों का इलाज डॉक्टरों की सीधी देखरेख में HDU में चल रहा है।

