साहिबगंजः झारखंड के साहिबगंज जिले में एक भीषण हादसा हुआ है। जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के जिलेबिया घाटी के बजरंगबली मंदिर के समीप यात्रियों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई और एक बच्चा सहित 10 लोग घायल हो गए हैं।
हादसे के तुरंत बाद ऑटो चालक संजू बास्की फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही जिरवाबाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को साहिबगंज सदर अस्पताल भेजा गया। मृत महिला के शव को भी पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है।
खेत में मजदूरी करने जा रहे थे लोग
घायल यात्रियों चुनचुन मुर्मू और मेरी मुर्मू ने बताया कि वे सभी लोग साहिबगंज के महादेवगंज स्थित खेत में मजदूरी के लिए जा रहे थे। उसी दौरान जिलेबिया घाटी से उतरते समय ऑटो का ब्रेक फेल हो गया और वह गहरी ढलान में पलट गया।
चालक फरार, नहीं हुई मृतका की पहचान
हादसे के बाद ऑटो चालक संजू बास्की मौके से फरार हो गया। पुलिस द्वारा उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। मृत महिला की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। शव का पोस्टमार्टम परिजनों की मौजूदगी में कराया जाएगा।
ये लोग हुए घायल
पुलिस के अनुसार घायलों में सिदो किस्कू की नौ वर्षीय पुत्री रौशमी किस्कू, पुरले किस्कू की नौ वर्षीय पुत्री लिली किस्कूष, भागवत बास्की का 14 वर्षीय पुत्र बुधराम बास्की, राजेश मुर्मू की पत्नी कहामुनि सोरेन (40 वर्ष), मनु मुर्मू की 18 वर्षीय पुत्री मोरिता मुर्मू, पप्पू मुर्मू (30 वर्ष), बिर्धन हांसदा की 10 वर्षीय पुत्री मरियम हांसदा, जट्टा मुर्मू की 13 वर्षीय पुत्री मेरीला मुर्मू, राम बास्की की 12 वर्षीय पुत्री चंची बास्की, पतरु बास्की की पुत्री मरांगमय सोरेन शामिल हैं। सभी बोरियो थाना क्षेत्र के बागमुंडी के रहने वाले हैं।

