Jamshedpur : झारखंड के जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह वर्कर्स फ्लैट में एक घर से लाखों की चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने उस समय इस वारदात को अंजाम दिया जब घर के सदस्य ओडिशा में श्राद्ध कर्म में शामिल होने गए हुए थे। चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर लगभग 4 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
घटना का खुलासा तब हुआ जब पड़ोसी राकेश नाग, जिन्हें तुलसी के पौधे में पानी देने की जिम्मेदारी दी गई थी, 14 मई को पौधे में पानी डालने आए। उन्हें घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ मिला और उन्होंने तुरंत घर के मालिक मनोज बाग को सूचना दी।
किसी कारणवश परिवार तुरंत लौट नहीं सका, लेकिन 16 मई की शाम को जब वे घर वापस लौटे, तो देखा कि घर के सभी दरवाजे टूटे हुए हैं और सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। जब उन्होंने घर का निरीक्षण किया, तो पता चला कि अलमारी में रखे हुए सोने-चांदी के जेवरात और 10 हजार रुपये नकद गायब थे।
मनोज बाग, जो यूनाइटेड क्लब में इंडोर गेम्स के कोच हैं, ने बताया कि 2 मई को उनके ससुर का निधन हो गया था, जिसके बाद उनका परिवार ओडिशा के बलांगीर जिले स्थित टांडी घाट गांव गया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने लिखित शिकायत प्राप्त कर ली है और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने सहित अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।

