Bhagalpur (Bihar) : सोमवार की रात भागलपुर जिले के लिए एक डरावनी रात साबित हुई। दो अलग-अलग हत्याओं ने पूरे शहर में दहशत फैला दी। पहली घटना नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी गांव की है, जहां साजन कुमार नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के पीछे नशा और आपसी विवाद को वजह बताया जा रहा है।
घटना का विवरण
मृतक साजन कुमार तेतरी पकरा दोनिया टोला निवासी बताया जाता है। स्थानीय बजरंगबली मंदिर के पीछे व चिमनी भट्ठा के समीप देर रात नशा करने के दौरान झगड़ा हुआ। झगड़े के क्रम में दो गोलियां चलने से साजन गंभीर रूप से घायल हुआ। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Bhagalpur Double Murder : परिवार का बयान
साजन के पिता सुभाष राय ने बताया कि उनका बेटा नशे की लत में बुरी तरह फंसा हुआ था। कई बार समझाने के बावजूद वह नशा छोड़ नहीं पाया और गलत संगत में पड़ता गया। सोमवार की रात भी वह कुछ युवकों के साथ नशा कर रहा था, जहां आपसी विवाद में उसे गोली मार दी गई।
पुलिस कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही नवगछिया थानाध्यक्ष रविशंकर टीम के साथ मौके पर पहुँचे। एसडीपीओ ओमप्रकाश ने भी अस्पताल जाकर जायजा लिया। पुलिस ने एक युवक को संदेह के आधार पर अस्पताल परिसर से हिरासत में लिया है और अन्य की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
Bhagalpur Double Murder : हबीबपुर में चाकू से हमला, एक की मौत, दूसरा घायल
दूसरी हत्या की वारदात हबीबपुर थाना क्षेत्र के बदरे आलमपुर में हुई, जहां मोहम्मद सद्दाम की पड़ोसी से विवाद के बाद मवेशी काटने वाले चाकू से मारकर हत्या कर दी गई। इस हमले में उसका भाई कोनैन भी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक मोहम्मद सद्दाम बदरे आलमपुर निवासी बताया जाता है। घायलावस्था में सद्दाम को स्थानीय जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान की मौत हो गई।
पुलिस कार्रवाई
डीएसपी सिटी-2 राकेश कुमार ने जानकारी दी कि हबीबपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार राउत के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए हमले के आधे घंटे के भीतर आरोपी मोहम्मद सालेम, उसकी मां और बहन को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों से पूछताछ जारी है।
भागलपुर में बढ़ती वारदातों से कानून-व्यवस्था पर सवाल
इन दो हत्याओं ने जहां भागलपुर की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपराधियों पर शिकंजा कसने की उम्मीदें भी बनी हैं। शहरवासियों में भय का माहौल है लेकिन प्रशासन इन घटनाओं को सुलझाने में सक्रिय नजर आ रहा है।
Read Also- Bihar Double Murder : लखीसराय में मुखिया और उसके साथी की गोली मारकर हत्या, दहशत

