Jharkhand weather update : रांची : झारखंड में मानसून अब भी सक्रिय है और राज्य के विभिन्न जिलों में भारी बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, 29 और 30 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में मूसलाधार वर्षा की संभावना है। इसके मद्देनजर भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रांची स्थित केंद्र ने आज झारखंड के 8 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
झारखंड में सामान्य से 56% अधिक वर्षा
1 जून से 27 जुलाई तक झारखंड में कुल 727 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य औसत 467.4 मिमी से 56 प्रतिशत अधिक है। अब तक सबसे अधिक वर्षा पूर्वी सिंहभूम जिले में हुई है, जहां 1274.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। राजधानी रांची में 1033.3 मिमी, पश्चिमी सिंहभूम में 916.6 मिमी, डालटनगंज में 863.2 मिमी और बोकारो थर्मल में 770.3 मिमी वर्षा हो चुकी है।
Jharkhand weather update : भारी बारिश का पूर्वानुमान, कई जिलों में येलो अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 29 जुलाई (सोमवार) को संताल परगना क्षेत्र में कहीं-कहीं 70 से 110 मिमी तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 30 जुलाई (मंगलवार) को निम्नलिखित जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है:
रांची
रामगढ़
हजारीबाग
कोडरमा
गिरिडीह
बोकारो
धनबाद
जामताड़ा
देवघर
दुमका
गोड्डा
पाकुड़
बुधवार को भी संथाल परगना के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। गुरुवार से वर्षा में थोड़ी कमी आने की संभावना है।
Jharkhand weather update : झारखंड के 8 जिले सबसे अधिक प्रभावित
राज्य के 8 जिलों में सामान्य से बहुत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। इनमें पूर्वी सिंहभूम, रांची, सरायकेला-खरसावां और लातेहार शामिल हैं। इसके अलावा 5 जिलों – साहिबगंज, पाकुड़, देवघर, लोहरदगा और गढ़वा – में सामान्य वर्षा दर्ज की गई है। गोड्डा एकमात्र ऐसा जिला है जहां अब तक सामान्य से कम वर्षा हुई है। वहीं 9 जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
झारखंड में मानसून ट्रफ और निम्न दबाव का असर
झारखंड से होकर इस समय मानसून ट्रफ लाइन गुजर रही है और राज्य में एक सक्रिय निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसका प्रभाव पूरे राज्य में देखा जा रहा है। इसके चलते कई जगहों पर तेज हवाएं, वज्रपात और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
पिछले 24 घंटे में कहां-कितनी वर्षा हुई
पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक वर्षा झींकपानी में दर्ज की गई, जहां 75 मिमी बारिश हुई। संथाल परगना के विभिन्न क्षेत्रों में 60 से 70 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। राजधानी रांची और इसके आसपास के इलाकों में छिटपुट बारिश हुई, जबकि रविवार को मौसम सामान्यत: साफ रहा।
Read Also- Jharkhand weather update : झारखंड मौसम अपडेट : भारी बारिश का अलर्ट, आपदा प्रबंधन हाई अलर्ट पर

