Jamshedpur News : बीजेपी नेता सूर्या हांसदा के एनकाउंटर और नगड़ी में रिम्स टू के लिए भूमि अधिग्रहण के मामले के विरोध में गुरुवार को जमशेदपुर में भाजपा ने बड़ा आक्रोश प्रदर्शन किया है। इस आक्रोश प्रदर्शन में हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल भी शामिल हुए। प्रदर्शन में भाजपाइयों का हुजूम उमड़ पड़ा। प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। उसे आदिवासी विरोधी बताया गया। सांसद ने मांग की कि सूर्या हांसदा एनकाउंटर केस की सीबीआई जांच होनी चाहिए। साथ ही रिम्स टू के लिए नगड़ी में भूमि अधिग्रहण का भी विरोध किया गया। कहा गया कि किसानों की जमीन का अधिग्रहण नहीं होना चाहिए। इन मांगों को लेकर डीसी ऑफिस में राष्ट्रपति और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा गया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय, अंचल कार्यालय और प्रखंड कार्यालय के समक्ष जुलूस निकालकर नारेबाजी की और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। इस प्रदर्शन का नेतृत्व हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस समय शिबू सोरेन का श्राद्ध कर्म चल रहा था, उसी दौरान सूर्य हांसदा को पुलिस ने फर्जी मुठभेड़ में मार गिराया। उन्होंने कहा कि सूर्या हांसदा धर्मांतरण, घुसपैठ और माफियाओं के खिलाफ संघर्ष कर रहे थे, लेकिन झामुमो और कांग्रेस उन्हें अपराधी बताकर बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
जायसवाल ने कहा कि भाजपा की दो मुख्य मांगें हैं। पहली सूर्या हांसदा एनकाउंटर की सीबीआई जांच कराई जाए और रिम्स-2 के निर्माण के लिए आदिवासी भूमि का जबरन अधिग्रहण रोका जाए। भाजपा नेता मनोज सिंह ने कहा कि झारखंड सरकार केंद्रीय योजनाओं को पटरी से उतारने का काम कर रही है। रांची में हजारों एकड़ सरकारी जमीन उपलब्ध होने के बावजूद नगड़ी क्षेत्र की आदिवासी जमीन पर रिम्स-2 बनाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने भी सूर्या हांसदा की मौत की सीबीआई जांच की मांग की।
इस प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार पर आदिवासियों के अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हेमंत सरकार केवल राजनीतिक हित साधने में जुटी है।

