
Dhanbad (Jharkhand) : सरकारी विद्यालयों में बच्चों के लिए मध्यान्ह भोजन तैयार करने वाली रसोइया संयोजिकाओं ने अपनी मांगों को लेकर बड़ा आंदोलन करने का फैसला लिया है। इसे लेकर रविवार को धनबाद के रणधीर वर्मा स्टेडियम, गोल्फ ग्राउंड में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला रसोइया संयोजिकाएं शामिल हुईं।
बैठक में की गई यह घोषणा
बैठक में रसोइया संयोजिकाओं ने अपनी मांगों व समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। तत्पश्चात् उन्होंने झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान 8 से 11 दिसंबर तक चार दिवसीय धरना-प्रदर्शन और घेराव करने की घोषणा की है।
राज्य सरकार पर कई गंभीर आरोप
बैठक में मौजूद महिलाओं ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे वर्षों से सरकारी स्कूलों में बच्चों के लिए भोजन बनाकर सेवा दे रही हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय पर मानदेय नहीं मिल रहा है और कई जरूरी सुविधाओं से भी वंचित रखा जा रहा है।
घर बैठी महिलाओं को 2500 रुपये और रोज मेहनत करने वाली रसोइया को…
महिलाओं का कहना है कि सरकार एक ओर घर बैठी महिलाओं को “मंईयां सम्मान योजना” के तहत 2500 रुपये दे रही है, लेकिन जो महिलाएं रोज स्कूलों में मेहनत कर रही हैं, उन्हें आज भी उचित सम्मान और अधिकार नहीं मिल पा रहा है।

