RANCHI: राजधानी में 8 दिसंबर को हुए छिनतई कांड का रांची पुलिस ने खुलासा करते हुए चोरी हुए 60 लाख रुपये के जेवरात बरामद कर लिए हैं। वहीं मुख्य आरोपी की पहचान करते हुए गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। बता दें कि यह घटना तब हुई जब निलय प्रकाश अपनी पत्नी के साथ डीएवी बरियातू स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा से अपने लॉकर के जेवर निकालकर घर लौट रहे थे। घर पहुंचने पर जब उनकी पत्नी गेट खोलने लगीं, तभी दो अज्ञात बाइक सवार युवक उनके कंधे से जेवरात से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। इसके बाद पीड़ितों ने थाना में मामला दर्ज कराया था।
जल्द गिरफ्त में होंगे आरोपी
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी रामकुमार यादव समेत अन्य अपराधियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गैंग को धर दबोचा जाएगा। त्वरित कार्रवाई के कारण पीड़ित परिवार को राहत मिली है।
बनाई गई थी विशेष टीम
मामला दर्ज किए जाने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर छिनतई मामलों के त्वरित उद्भेदन के लिए एक विशेष टीम बनाई गई। पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा की निगरानी में सदर डीएसपी के नेतृत्व में गठित इस टीम ने तकनीकी शाखा से मिली जानकारी के आधार पर कोढ़ा गैंग की संलिप्तता का सुराग पाया। इसके बाद सदर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक टीम को बिहार के कटिहार भेजी गई। स्थानीय पुलिस की मदद से कोढ़ा थाना के ग्राम जुराबगंज स्थित रामकुमार यादव के घर छापामारी की गई।
तलाशी के दौरान घटना में छीने गए सभी जेवर बरामद कर लिए गए। जिनमें लगभग 425 ग्राम सोना और 450 ग्राम चांदी शामिल है। बरामद सामानों में दो सोने के बिस्किट, सात सोने के सिक्के, 15 अंगूठियां, 16 जोड़ी झुमके, नौ सोने की चेन, दो सोने के हार, चांदी के पायल, कड़े, लॉकेट और अन्य सामग्री शामिल है।

