Jamshedpur : भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठन महापर्व के तहत मंडल अध्यक्ष और मंडल प्रतिनिधियों का चुनाव सोमवार को संपन्न हुआ। पूर्वी सिंहभूम जिले के कुल 28 मंडलों में से 17 मंडलों में अध्यक्ष और मंडल प्रतिनिधियों का सर्वसम्मति से चुनाव संपन्न कराया गया है। बाकी, 11 मंडलाों के अध्यक्ष व प्रतिनिधियों का चुनाव तकनीकी कारणों से नहीं हो पाया है। जल्द ही इन बाकी मंडलों का भी चुनाव संपन्न कराया जाएगा।
चुनाव के दौरान भाजपा के साकची स्थित कार्यालय में सोमवार को सुबह से ही गहमागहमी थी। मंडल अध्यक्ष पद के उम्मीदवार कार्यालय में डटे थे। उनके समर्थक भी आए थे।

लोग मंडल अध्यक्ष व प्रतिनिधि बनने के लिए लाबिंग में जुटे थे। जिला अध्यक्ष से बात की जा रही थी। बाद में जब मंडल अध्यक्षों की सूची जारी की गई तो लोगों में उत्साह का माहौल बन गया। जिनके नेता मंडल अध्यक्ष व प्रतिनिधि बन गए थे उन्होंने उत्साह में भारत माता की जय और भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद, नरेंद्र मोदी जिंदाबाद आदि नारे लगाए। सभी मंडल अध्यक्षों और प्रतिनिधियों ने कार्यालय के बाहर एक साथ जिलाध्यक्ष के साथ खड़े होकर तस्वीर भी खिंचाई। इस चुनाव के मौके पर बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण और भाजपा के प्रदेश महामंत्री मनोज कुमार सिंह मौजूद रहे। उनकी देखरेख में ही यह चुनाव संपन्न हुआ।
भाजपा के जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने बताया कि संगठन महापर्व पूरे देश में चल रहा है। जमशेदपुर जिले में कुछ मंडलों का चुनाव तकनीकी कारणों से शेष रह गया है, जिसे एक सप्ताह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
वहीं जुगसलाई मंडल से अनु जैन को मंडल अध्यक्ष चुना गया। अनु जैन ने कहा कि वे पिछले 22 वर्षों से भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता हैं और विभिन्न दायित्वों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जुगसलाई में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जाएगा।
अनु जैन ने कहा कि झारखंड में व्याप्त भ्रष्टाचार को उजागर करना प्राथमिकता होगी और संगठन की मजबूती के बल पर आगामी लोकसभा व विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनहितकारी कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

