Jamshedpur : चंडीगढ़ के स्टार गोल्फर युवराज संधू ने टाटा ओपन गोल्फ चैंपियनशिप 2025 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। युवराज ने एक शॉट से रोमांचक जीत दर्ज करते हुए 2025 सीज़न में अपना रिकॉर्ड सातवां खिताब अपने नाम किया। यह टूर्नामेंट पीजीटीआई (PGTI) का सीज़न फिनाले था, जिसकी कुल इनामी राशि ₹2 करोड़ थी।
बेलडीह और गोलमुरी गोल्फ कोर्स में खेले गए इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में 28 वर्षीय युवराज संधू ने 67-64-68-65 का शानदार स्कोर करते हुए कुल 20-अंडर 264 का स्कोर बनाया। अंतिम होल पर लगाए गए निर्णायक बर्डी पुट ने उन्हें जीत दिलाई। इस जीत के साथ युवराज को ₹30 लाख की विजेता राशि मिली।
इससे पहले युवराज संधू पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट 2025 का खिताब भी जीत चुके हैं। पूरे सीज़न में उन्होंने कुल ₹1,91,67,100 की रिकॉर्ड कमाई कर पीजीटीआई के एक सीज़न में सर्वाधिक कमाई का नया कीर्तिमान भी स्थापित किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड 2024 में वीर अहलावत के नाम था।
वहीं, गुरुग्राम के शुभम जगलन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 19-अंडर 265 के स्कोर के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। यह पीजीटीआई में उनका तीसरा टूर्नामेंट था और इसमें उन्होंने अपना दूसरा रनर-अप फिनिश दर्ज किया। शुभम को ₹20 लाख का पुरस्कार प्रदान किया गया।
तीसरे स्थान पर खालिन जोशी और वीर अहलावत संयुक्त रूप से रहे। श्रीलंका के एन. थंगराजा, जो इस सीज़न में तीन बार विजेता रहे, पीजीटीआई रैंकिंग में दूसरे स्थान पर रहे।
पुरस्कार वितरण समारोह में टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे और विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि टाटा स्टील हमेशा खेलों को बढ़ावा देती रही है और जमशेदपुर के बेलडीह व गोलमुरी गोल्फ कोर्स राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के लिए बेहतरीन सुविधाएं प्रदान करते हैं।
युवराज संधू ने मीडिया से बातचीत में कहा कि टाटा ओपन जीतना उनके लिए खास है क्योंकि यहां देश के कई महान गोल्फरों ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कहा कि अगला लक्ष्य DP World Tour 2026 में शानदार प्रदर्शन करना है।

