रांची : सिरम टोली रांची के समीप फ्लाईओवर निर्माण कार्य के दौरान सरना स्थल के पास रैंप का निर्माण हो रहा है। जिसके खिलाफ सरना समाज के लोग विरोध जता रहे हैं। इस पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर तत्काल समाधान की अपील की है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि सरना स्थल सरना समाज से जुड़े लोगों की आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। यह केवल सरना समाज के लिए नहीं, बल्कि हम सभी के लिए एक धार्मिक स्थल है।
रैंप निर्माण के विरोध को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने सुझाव दिया कि इस विवाद का समाधान समाज के सभी वर्गों को साथ बैठकर निकाला जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इस मुद्दे को लेकर संबंधित विभाग, सरना समाज के प्रबुद्ध जन और जनप्रतिनिधियों के साथ शीघ्र बैठक की जाए। जिससे कि किसी भी समाज की आस्था आहत न हो और शहर का विकास भी सुचारू रूप से हो सके।
सरना स्थल पर लोगों की श्रद्धा
केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि सरना स्थल पर लाखों लोगों की श्रद्धा और आस्था जुड़ी हुई है। साथ ही एक सप्ताह बाद सरहुल महोत्सव भी मनाया जाएगा, जिससे यह विषय और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस विषय पर त्वरित और समुचित पहल की उम्मीद जताई ताकि सरकार की ओर से सकारात्मक कदम उठाए जा सकें।

