घाटशिला : घाटशिला थाना क्षेत्र के बैंक कॉलोनी साढ़पुर मुहल्ले में मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे दिनदहाड़े ठगी की बड़ी घटना सामने आई है। दो युवकों ने तंत्र-मंत्र और भविष्य बताने का झांसा देकर वायुसेना से सेवानिवृत्त महिला से गहने ठग लिए और मौके से फरार हो गए।
नुआग्राम निवासी पीड़िता सुनीता त्यागी ने बताया कि वह सब्जी खरीदकर घर लौट रही थीं, तभी एक युवक उनके पास आया और किसी डाक्टर के बारे में पूछने लगा। इसी दौरान बैंक कॉलोनी की ओर से एक अन्य युवक आया। इस पर पहले युवक ने इशारा करते हुए कहा कि “इससे पूछ लो।” दूसरे युवक को देखते ही पहले युवक ने चौंकाने वाली बात कहते हुए कहा कि “तुम्हारी मां को कैंसर है, वह ठीक नहीं होंगी।”
इसके बाद दोनों युवकों ने सुनीता त्यागी और उनके परिवार के बारे में बातें बतानी शुरू कर दीं और तंत्र-मंत्र से सब कुछ ठीक करने का दावा किया। युवकों ने कहा कि 20 रुपये की कपूर लाकर दो, हरिद्वार में पूजा कराएंगे तो सब सही हो जाएगा। कपूर लाने के बाद उन्होंने महिला से कहा कि शरीर पर पहने सभी गहने उतारकर रख दो। भरोसा दिलाने के लिए एक युवक ने दो हजार रुपये भी दिए। इस झांसे में आकर महिला ने अपनी दो अंगूठियां और एक चेन उनके पास रख दीं।
इसके बाद युवकों ने महिला से आगे पांच कदम चलने को कहा और इसी दौरान दोनों गहने लेकर फरार हो गए। सुनीता त्यागी ने पीछा भी किया, लेकिन तब तक दोनों युवक भाग निकले।
पीड़िता ने तत्काल थाना को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि करीब दो घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। महिला का कहना है कि यदि समय पर पुलिस आती तो आसपास के घरों के सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान संभव हो सकती थी। सूचना मिलने पर जिला परिषद सदस्य कर्ण सिंह मौके पर पहुंचे और एक घर के सीसीटीवी फुटेज खंगालने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका।

