Dhanbad : धनबाद रेलवे यार्ड और कोचिंग कॉम्प्लेक्स में रील बनाना एक यूट्यूबर को महंगा पड़ गया। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने यूट्यूबर व ब्लॉगर अभिषेक मधेशिया को बुधवार को गिरफ्तार किया। हालांकि बाद में रेलवे न्यायालय में जुर्माना अदा करने के बाद उसे रिहा कर दिया गया।
आरपीएफ के अधिकारियों ने बताया कि बीते वर्ष 5 नवंबर 2025 को मुख्यालय से सूचना मिलने के बाद रेल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू की थी। जांच में सामने आया कि अभिषेक मधेशिया नामक यूजर ने धनबाद रेलवे यार्ड और वाशिंग पिट में खड़ी ट्रेनों के भीतर घुसकर वीडियो बनाए। इतना ही नहीं, उसने अपने वीडियो के जरिए आम लोगों को भी अनधिकृत रूप से रेलवे यार्ड में प्रवेश के लिए प्रेरित किया, जिससे रेल कर्मचारियों के सरकारी कार्य में गंभीर बाधा उत्पन्न हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल ने रेल अधिनियम की धारा 145, 146 और 147 के तहत मामला दर्ज किया। उप-निरीक्षक पालिक मिंज के नेतृत्व में आरपीएफ टीम ने बुधवार को झरिया स्थित उसके आवास से अभिषेक कुमार गुप्ता उर्फ अभिषेक मधेशिया को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने व्यूज और लोकप्रियता बढ़ाने के उद्देश्य से वीडियो बनाए थे। आरपीएफ इंस्पेक्टर अजय प्रकाश ने बताया कि अभियुक्त को न्यायिक प्रक्रिया के तहत रेलवे न्यायालय में पेश किया गया, जहां उसने अपनी गलती स्वीकार कर जुर्माना भरा। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर उसे छोड़ दिया गया।

