Jamshedpur : दक्षिण पूर्व रेलवे का चक्रधरपुर रेल मंडल गांजा तस्करी का हब बन गया है। यहां बड़े पैमाने पर गांजा तस्करी की जा रही है। आरपीएफ इसे नहीं रोक पा रही है। अब तो पानी सर से ऊपर उठ गया है। लोग कोलकाता में बैठे आरपीएफ के बड़े अफसरों को गांजा तस्करी की मुखबिरी कर रहे हैं और वहां के इनपुट पर आरपीएफ को छापामारी कर तस्करों को पकड़ना पड़ रहा है।
इसी तरह के एक इनपुट पर आरपीएफ के आला अधिकारियों के निर्देश पर चक्रधरपुर और टाटानगर आरपीएफ ने राउरकेला रेलवे स्टेशन पर छापामारी की। राउरकेला रेलवे स्टेशन से 25 किलो अवैध गांजा पकड़ा गया। चार तस्कर भी गिरफ्तार किए गए हैं। तस्करों का नाम सुनील कुमार, मुन्ना पटेल, धर्मेंद्र पटेल और अजय मांझी है। आरपीएफ के अधिकारियों ने बताया कि सुनील कुमार, मुन्ना पटेल और धर्मेंद्र पटेल बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया थाना क्षेत्र के झावटिया गांव के रहने वाले हैं।
अजय मांझी गोपालगंज जिले के आसंदीमहुआ गांव का रहने वाला है। यह चारों लोग ओडिशा के बलांगिर रेलवे स्टेशन से ट्रेन पर गांजा लेकर चढ़े थे और टाटानगर होकर बिहार के बेतिया जाने का प्लान बनाए हुए थे। जब्त गांजे की कीमत लगभग 13 लाख रुपए बताई जा रही है। गौरतलब है कि आरपीएफ मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर ऑपरेशन नारकोस चला रही है।
इसी के तहत आरपीएफ के आला अधिकारी अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं। इलाके के मुखबिर भी आरपीएफ के आला अधिकारियों को सूचना देकर छापामारी करवा रहे हैं।
Read also Jamshedpur News : मानगो बनेगा नया पुलिस अनुमंडल, उच्चस्तरीय समिति ने दी स्वीकृति

