Chaibasa : चाईबासा में किशोरी के साथ शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया गया है। इस घटना में किशोरी गर्भवती हो गई है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार गुवा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया कि उसकी नाबालिग पुत्री के साथ जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के बड़ानंदा गांव के हंमसादा टोला निवासी माना अंगरिया ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया। इससे किशोरी गर्भवती हो गई। इस मामले में पुलिस ने गुवा थाना में पोक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में अंगरिया के खिलाफ केस दर्ज किया।
पुलिस ने इस केस की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रेनू से मिले निर्देश पर एक टीम गठित की। इस केस की इंक्वायरी किरीबुरू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय केरकेट्टा कर रहे हैं। पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच कराई। पीड़िता का 183 BNSS के तहत न्यायलय में बयान दर्ज कराया गया।
पीड़िता के बयान के बाद जांच के क्रम में केस के प्राथमिक आरोपी को ग्राम लिपूगां से गिरफ्तार किया गया। बाद में आरोपी ने स्वीकारोक्ति बयान में अपना अपराध स्वीकार किया है।

