Jamshedpur : जमशेदपुर के साकची में शीतला मंदिर से रविवार देर रात दान पेटी का ताला तोड़कर ₹4000 चोरी कर ली गई है। इसकी जानकारी मिलने पर मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया। बाद में लोगों ने एक आरोपी को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया है। आरोपी का नाम हाशिम है। वह मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 9 का रहने वाला है। आरोप है कि हाशिम ने मंदिर परिसर में घुसकर चोरी की है।
सोलर लाइट के पाइप के सहारे अंदर घुसा आरोपी
बताया जा रहा है कि वह रात को सोलर लाइट के पाइप के सहारे मंदिर परिसर में घुस गया और वहां उसने चोरी की घटना को अंजाम दिया। मंदिर की दान पेटी तोड़ दी और ₹4000 निकाल लिए। घटना मंदिर के सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।
मोहम्मडन लाइन में फूल की दुकान में काम करता है
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक साकची के मोहम्मडन लाइन में एक फूल की दुकान में काम करता है। लोगों ने सीसीटीवी फुटेज देखा तो उसे पहचान लिया और मौके पर पहुंचकर आरोपी युवक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

