पलामू । झारखंड के पलामू जिले में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो पलामू में प्रज्ञा केंद्र संचालित कर रहा था।
उंटारी थाना क्षेत्र के जोगा गांव निवासी पांच युवा संतोष कुमार पाल, आशीष चंद्रवंशी, विकास नारायण पाल, लवलेश चौधरी और संजीत पाल ने मेदिनीनगर टाउन थाना में ठगे जाने संबंधी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने उन्हें रूस में जेसीबी ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 6.25 लाख रुपये की ठगी की।
पैसे लेने के बाद फर्जी ऑफर लेटर भी दिया
पीड़ितों को नौकरी से संबंधित जो ऑफर लेटर दिया गया था, जांच में वह पूरी तरह फर्जी पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। वह पलामू के नावाजयपुर क्षेत्र में प्रज्ञा केंद्र चला रहा था, जबकि उसका मूल निवास उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में है।
टाउन थाना की पुलिस इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच हो रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने पीड़ितों से फोन और ऑनलाइन माध्यम से संपर्क किया था और विदेश भेजने के नाम पर पैसे ऐंठे। सभी पीड़ित जेसीबी ऑपरेटर का काम करते हैं, जिन्हें बेहतर रोजगार का लालच दिया गया था।
फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी ने पलामू में अपने दस्तावेज कैसे तैयार किए और क्या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है।

