बेरमो (बोकारो)। रामनवमी के मौके पर बोकारो जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र स्थित खेतको में शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। शिव मंदिर के समीप महावीरी झंडा स्थापित करने के दौरान झंडा हाई टेंशन लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे सात लोग झुलसकर घायल हो गए।
घायलों में छह युवक और एक 15 वर्षीय किशोर शामिल है। सभी की पहचान स्थानीय निवासियों के रूप में हुई है। हादसे के तुरंत बाद घायलों को जारंगडीह के जनता अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) भेज दिया गया।
दो की हालत गंभीर
डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है, लेकिन करंट लगने से उनके शरीर के विभिन्न हिस्से, विशेषकर हाथ, पैर और कंधे झुलस गए हैं। इनमें से दो की हालत अपेक्षाकृत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रामनवमी जुलूस के तहत महावीरी झंडा अखाड़ा में लाया गया था। एक झंडा लगाने के बाद जब दूसरा झंडा खड़ा किया जा रहा था, तभी वह ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया और यह हादसा हो गया।
घटना के बाद मची अफरा-तफरी
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने बेहतर इलाज और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि इसी स्थान पर पूर्व में भी इस तरह की घटना हो चुकी है, बावजूद इसके पर्याप्त सुरक्षा उपाय नहीं किए जाने से एक बार फिर ऐसी दुर्घटना सामने आई है।
Read Also: Palamu Ram Navami: रामनवमी जुलूस में डीजी जनरेटर में लगी आग, मची अफरा-तफरी

