Jamshedpur : एक्सएलआरआई-जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, जमशेदपुर में ग्रामीण व्यवसाय इनक्यूबेशन सेंटर का उद्घाटन शनिवार को नाबार्ड के चेयरमैन डॉ. शाजी केवी ने किया। इस मौके पर एक्सएलआरआई बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन सह टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन, एक्सएलआरआई के निदेशक फादर सेबेस्टियन जार्ज सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस सेंटर का संचालन एक्सएलआरआई काउंसिल फॉर इनोवेशन टेक्नोलॉजी एंड एंटरप्रेन्योरशिप (एक्ससीआईटीई) की देखरेख में होगा। इस सेंटर के उद्घाटन के बाद नाबार्ड के चेयरमैन डॉ. शाजी केवी ने प्रेसवार्ता में बताया कि यह केंद्र पूर्वी एवं उत्तर पूर्वी भारत की उद्यमिता (स्टार्टअप) को बढ़ावा देगा। इन क्षेत्रों में ग्रामीण उद्यमिता के कई तरह के नए-नए इनोवेशन हो रहे हैं।
इन इनोवेशन को और बेहतर एक्सएलआरआई की काउंसिल करेगी। यही इस सेंटर का मुख्य कार्य है। काउंसिल द्वारा अनुमोदित स्टार्टअप को नाबार्ड आर्थिक सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि 250 स्टार्टअप को आर्थिक सहयोग करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा दिए बगैर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता। एक्ससीआईटीई की ओर से संचालित यह ग्रामीण व्यवसाय इनक्यूबेशन सेंटर पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के 12 राज्यों बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, मणिपुर, सिक्किम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में कृषि, ग्रामीण नवाचार और सर्कुलर इकोनॉमी से जुड़े स्टार्टअप्स को बढ़ावा देगा।

