Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो स्थित आजादनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली दुर्घटना हो गई। ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित अशोका टावर फेज-2 में अचानक ऊपर से छज्जा गिरने से एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक कुम्हार बस्ती निवासी 60 वर्षीय मनोहर दिवर है। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें उठाकर फौरन एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गौरतलब है कि मनोहर दिवर गुरुवार सुबह अशोका टावर के नीचे एक दुकान से सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान अचानक इमारत का छज्जा टूटकर नीचे गिर पड़ा और वे उसकी चपेट में आ गए।
बताया जाता है कि मनोहर दिवर मेहनत-मजदूरी कर जीवन यापन करते थे और तालाब से मछली पकड़कर उसे बेचते थे। उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा हैं। इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।
स्थानीय लोगों ने इस हादसे के बाद इमारत की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जर्जर इमारतों की समय-समय पर जांच नहीं होने से इस तरह की घटनाएं हो रही हैं
Read Also- RANCHI RIMS NEWS: इलाज ही नहीं, मौत के बाद ‘मुक्ति’ में भी मदद कर रहा रिम्स

