Jamshedpur : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के घाघीडीह में तारिणी कॉलोनी के पास स्थित बेबी मंडल के घर पर चोरों ने धावा बोला। शुक्रवार की रात चोरों ने यहां से हजारों रुपए का कीमती सामान पर कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर लिखकर जांच की। पता चला कि हरहरगुट्टू के रहने वाले यश शर्मा उर्फ सरदार के ऊपर घटना को अंजाम देने का शक है। इस पर पुलिस ने यश शर्मा को गिरफ्तार किया। उसने अपने साथियों के नाम बताए। इसके बाद हरहरगुट्टू के ही रहने वाले देवगढ़ राय और रोलाडीह के रहने वाले सुमित को गिरफ्तार किया गया है। सभी से पूछताछ की गई है। लिखा-पढ़ी कर सबको जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।

बताया जा रहा है कि आरोपी बेबी मंडल के घर में शुक्रवार को तकरीबन आधी रात के करीब मकान की अलबेस्टस की छत काट कर अंदर घुसे थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश ठाकुर के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन कर इस घटना का फौरन खुलासा करने का निर्देश दिया था। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया था। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए और इसी के आधार पर घटना का फौरन खुलासा करते हुए चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सारा सामान बरामद कर लिया गया।

बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने चोरी गया सारा सामान बरामद कर लिया है। इनमें सोने की दो चेन, एक अंगूठी, एक कनफूल, एक बिंदी, दो नाकछुछी, चांदी के तीन पायल, चांदी का एक ब्रेस लेट, चांदी की छह चेन, चांदी का दो बाजूबंद, चांदी की चार चूड़ी, चांदी की चार बिछिया, चांदी का एक मंगलसूत्र, चांदी का सोने का पानी चढ़ा एक नेकलेस, चांदी का एक छोटा प्लेट, एक छोटा ब्रेस लेट, लड्डू गोपाल की चांदी की चार चूड़ी, चांदी की दो बाली, दो पीस कांसा का छोटा लोटा, दो पीस कांसे की छोटी कटोरी, कांसे की दो थाली, कांसे की एक बड़ी कटोरी, कांसे का एक छोटा लोटा, कांसे की पूजा करने वाली चार कटोरियां और कांसे का चार पीस ग्लास बरामद हुआ है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद कर ली है।
सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास है। इन लोगों ने बागबेड़ा में ही आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है। बागबेड़ा थाने में इन लोगों के खिलाफ छह आपराधिक केस हैं।
बिष्टुपुर में डिवाइडर से टकरा कर स्कूटर सवार की मौत

बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के सीएच एरिया के पास शुक्रवार की देर रात एक सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में एक सोनारी के रामनगर के रहने वाले 55 वर्षीय रामप्रसाद रजक की मौत हो गई। वह स्कूटर से बिष्टुपुर से रामनगर अपने घर लौट रहे थे। तब यह हादसा हुआ। उनकी स्कूटर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हादसे के बाद रामप्रसाद के परिजनों में शोक का माहौल है।
मानगो में ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहे युवक को पुलिस ने दबोचा

मानगो में अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री कर रहे युवक महावीर बिरूली को पुलिस ने दबोच लिया है। महावीर बिरूली फुटबॉल मैदान के पास का रहने वाला है। उसके पास से ब्राउन शुगर भी बरामद हुई है। 1.52 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है। महावीर बिरूली ने पुलिस को बताया कि इस मामले में उसके साथ वसीम बच्चा भी था। वह पुलिस को देखते ही फरार हो गया था। वसीम बच्चा मानगो के आजाद बस्ती का रहने वाला है। पुलिस अब वसीम बच्चा की तलाश कर रही है। महावीर बिरूली को जेल भेज दिया गया है। मानगो थाना प्रभारी नित्यानंद प्रसाद ने बताया कि महावीर के पास से 20 पुड़िया ब्राउन शुगर और 700 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
बरसोल में होटल में जा घुसा ट्रेलर, एक की मौत

पूर्वी सिंहभूम जिले के बरसोल थाना क्षेत्र के खंडामौदा चौक के पास शुक्रवार की देर रात एक तेज रफ्तार ट्रेलर एक होटल में घुस गया। इस हादसे में होटल को तोड़ता हुआ ट्रेलर फिर सड़क पर आया और बाइक सवार को टक्कर मार दी। बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। होटल में मौजूद सात लोग घायल हो गए हैं। मृत बाइक सवार युवक की पहचान नहीं हो पाई है। सभी घायलों को इलाज के लिए बहरागोड़ा के सीएचसी में भेज दिया गया है। यहां सबका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दी। इसके बाद पुलिस ने लोगों को समझा-बुझा कर सड़क को जाम मुक्त कराया।
बहरागोड़ा में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत
बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे 49 पर बालाजी मोटर्स के पास अज्ञात वाहन की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई है। इस मामले में युवक के परिजन छोटा चाकुलिया के रहने वाले सुखलाल मुंडा के आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
सीतारामडेरा में व्यक्ति पर जानलेवा हमला
सीतारामडेरा में एक व्यक्ति चंद्रिका पाल पर जानलेवा हमला हुआ। चंद्रिका पाल गोविंदपुर के देव नगर के रहने वाले हैं। उन पर पुराने विवाद में जानलेवा हमला हुआ है। पुलिस ने शनिवार को मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। यह घटना भुइयांडीह निर्मल नगर के पास हुई। दूसरी घटना में जानलेवा हमले के मामले में एक महिला शोभा प्रसाद के आवेदन पर पुलिस ने राजेश प्रसाद और दुर्गा मिर्धा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। घटना कुम्हारपाड़ा के पास की है। दोनों आरोपी सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
सरायकेला के रचपा डैम में डूब कर एक व्यक्ति की मौत

सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र के रचपा डैम में शनिवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव पानी में डूबा हुआ था। बाद में यह उतराने लगा। लोगों ने देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को लगाकर शव को बाहर निकलवाया। मृतक की उम्र 45 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। शव की शिनाख्त करने की कोशिश की गई। लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई है।

