Gumla: झारखंड के गुमला जिले में बुधवार दोपहर एक सड़क हादसे में दो शिक्षकों की जान चली गई। यह हादसा प्रखंड क्षेत्र के कामडारा-बेड़ो मुख्य पथ पर कोटबो मोड़ के पास हुआ। यहां एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। मृतकों में केनालोया के रहने वाले राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय सेमरटोली के शिक्षक धनेश्वर गोप तथा सेमरटोली निवासी पारा शिक्षक बहुरन सिंह हैं। दोनों शिक्षक एक ही बाइक पर सवार होकर जनगणना कार्य के लिए कामडारा बीआरसी जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कोटबो मोड़ के पास उल्टी दिशा से आ रही लाल रंग की कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों शिक्षक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया और लतरा-कोंसा की तरफ भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही कामडारा पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कामडारा में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर कर दिया।बताया जाता है कि धनेश्वर गोप की मौत रांची ले जाने के दौरान रास्ते में ही हो गई, जबकि बहुरन सिंह को ऑक्सीजन सपोर्ट पर गुमला सदर अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने भी रास्ते में दम तोड़ दिया।इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से फरार चालक की जल्द गिरफ्तारी और मृतक शिक्षकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए फरार कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

