Jamshedpur : शहर के बिष्टुपुर इलाके में चाय का ठेला चलाने वाली एक युवती पर गर्म चाय फेंककर किए गए हमले के विरोध में शनिवार को क्षत्रिय समाज के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। मेहंदी नाम की युवती, जो अपने परिवार का भरण-पोषण चाय बेचकर करती है, उस पर कुछ असामाजिक तत्वों ने केतली से गर्म चाय फेंक दी थी। इस हमले में युवती का चेहरा गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से युवती को तुरंत टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी अब भी बाकी है।
इसी घटना के विरोध में क्षत्रिय समाज के महिला और पुरुषों ने एकजुट होकर रैली निकाली, जो जिला पुलिस मुख्यालय तक पहुंची। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि पीड़िता के इलाज का पूरा खर्च प्रशासन उठाए। उन्होंने बताया कि युवती की आर्थिक स्थिति कमजोर है और वही अपने परिवार की एकमात्र कमाने वाली है। साथ ही, सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग भी की गई।
दूसरी तरफ, विधायक सरयू राय का कहना है कि उन्होंने इस मामले में टीएमएच प्रबंधन से बात कर ली है। गंभीर रूप से झुलसी युवती मेंहदी का इलाज तब तक होगा जब तक वह पूरी तरह से स्वस्थ नहीं हो जाए। विधायक ने कहा कि बकाए बिल की व्यवस्था वह कर देंगे। गौरतलब है कि शुक्रवार को पहले ही डीसी कर्ण सत्यार्थी ने भी टीएमएच प्रबंधन से युवती के ठीक होने पर उसका इलाज करने की बात कही थी।
बढ़ते अपराधों पर युवा कांग्रेस का ज्ञापन

शहर में लगातार बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर अब विरोध के स्वर तेज हो रहे हैं। पूर्वी सिंहभूम जिला युवा कांग्रेस कमिटी ने वरीय पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताई है।
संगठन का कहना है कि हत्या, चाकूबाजी जैसे गंभीर अपराधों में इजाफा हो रहा है, जिससे आम लोगों में डर का माहौल बन गया है। आरोप लगाया गया कि अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जबकि प्रशासन की ओर से अपेक्षित सख्ती नहीं दिख रही। युवा कांग्रेस ने शहर में नशीले पदार्थों की बिक्री और अवैध कारोबार जैसे सट्टा पर रोक लगाने की भी मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो स्थिति और बिगड़ सकती है। उन्होंने प्रशासन से सख्त कदम उठाने की अपील की है, ताकि लोगों को सुरक्षित वातावरण मिल सके। युवा कांग्रेस का कहना है कि शहर में चापड़ बाजी की घटनाओं पर भी रोक लगाई जाए। शहर में अपराध का ग्राफ बढ़ने से लोग दहशत में हैं।

