Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो स्थित आजाद नगर थाना क्षेत्र में शनिवार रात करीब 9 बजे दुस्साहसिक चाकूबाजी की घटना सामने आई। नूर कॉलोनी, ओल्ड पुरुलिया रोड के पास पुलिस से बेखौफ बदमाशों ने थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर सरेआम चार लोगों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।बताया जा रहा है कि घटना की शुरुआत आपसी कहासुनी से हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
इसी दौरान हमलावरों ने भुजाली और चाकू से वार कर चार लोगों को घायल कर दिया। घायलों में शेख खान (18), समीर खान (20), मोहम्मद शोएब (22) और पप्पू हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य दो की स्थिति स्थिर है।घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
गुस्साए लोगों ने बदमाशों की बुलेट मोटरसाइकिल को आग के हवाले करने की कोशिश की, हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया और बदमाशों की बाइक को जलने से बचा लिया। बाद में इसे जब्त कर लिया गया।सूचना मिलते ही आजाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी चंदन कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है और फरार हमलावरों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि आजाद नगर क्षेत्र में हाल के दिनों में आपराधिक घटनाएं बढ़ी हैं और बदमाशों में पुलिस का खौफ कम होता दिख रहा है। कुछ दिन पहले भी इसी इलाके में एक युवक द्वारा सरेआम पिस्टल लहराने की घटना सामने आई थी। ऐसे में यह चाकूबाजी की वारदात पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।

