
Jamshedpur :शहर में नशे की बढ़ती लत अब खौफनाक रूप लेने लगी है। शुक्रवार की देर रात सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के पद्मा रोड में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक बेटे ने नशे के लिए पैसे न मिलने पर अपने ही पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। घायल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में हालात गंभीर होने पर घायल को रिम्स रेफर कर दिया है। पुलिस मामले की तफ्तीश में तेजी से जुट गई है।
गुस्से से हो गया था बेकाबू
गौरतलब है कि आरोपी युवक ने अपने पिता करम सिंह से नशा करने के लिए पैसे मांगे थे। जब पिता ने पैसे देने से इनकार किया तो वह गुस्से में बेकाबू हो गया और चापड़ से उन पर हमला कर दिया। बताते हैं कि इस हमले में करम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद आसपास के लोगों ने फौरन घायल को तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया।
इज्जत बचाने के लिए गढ़ी भूत की कहानी
हालांकि, जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो नालायक बेटे ने भूत की कहानी गढ़ दी। बेटे का कहना है कि उसने अपने पिता को भूत समझ कर उस पर हमला किया है। हालांकि, यह बात किसी के गले से नहीं उतर रही है। आरोपी ने अपने पिता पर बेरहमी से चापड़ चलाए हैं। उसके सिर, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में चापड़ के जख्म गहरे हैं। उसे खून से लथपथ हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गौरतलब है कि इन दिनों शहर के हालात ऐसे हो गए हैं कि नशे के कारण अब अपने ही रिश्ते असुरक्षित हो गए हैं। छोटी-छोटी बातों पर हिंसक घटनाएं आम होती जा रही हैं, जो पुलिस के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

