लोहरदगा : झारखंड के लोहरदगा पुलिस लाइन में तैनात हवलदार सुरेंद्र नाथ टुडू की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। 1993 बैच के इस अनुभवी पुलिसकर्मी की सेवा और समर्पण को साथियों ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हवलदार सुरेंद्र नाथ टुडू की तबीयत पुलिस लाइन में अचानक खराब हो गई थी। इसके बाद उन्हें तुरंत सदर अस्पताल लोहरदगा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। हालांकि तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान ही उनका निधन हो गया।

पुलिस लाइन में दी गई अंतिम सलामी
हवलदार के निधन की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों और जवानों ने गहरा दुख व्यक्त किया। लोहरदगा पुलिस लाइन में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जहां पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मौजूद अधिकारियों और जवानों ने नम आंखों से अपने साथी को अंतिम सलामी दी।

परिजनों को दी गई तत्काल सहायता
पुलिस अधीक्षक ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी और विभाग की ओर से अंतिम संस्कार के लिए तत्काल 10 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। उन्होंने आश्वासन दिया कि विभाग की ओर से कागजी प्रक्रियाओं में हर संभव मदद की जाएगी और परिवार को सहयोग दिया जाएगा।

पैतृक गांव टुंडी में होगा अंतिम संस्कार
मृतक हवलदार मूल रूप से टुंडी (धनबाद) के निवासी थे। पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिवार के सदस्य शव को उनके पैतृक गांव ले गए हैं, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
Read Also- Jamshedpur Crime: बिष्टुपुर में बदमाशों का आतंक, JRD के पास सोने की चेन लूट कर फरार

