चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने गुरुवार को झींकपानी प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय से संचालित विभिन्न योजनाओं, सेवाओं के अद्यतन प्रतिवेदन और संधारित पंजियों का अवलोकन किया। निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने प्रखंड व अंचल कार्यालय के कर्मियों से कहा कि सभी अपने निर्धारित कर्तव्यों का तत्परता से पालन करें। आमजन के लिए कार्यालय में बेहतर माहौल रखें ताकि किसी नागरिक को कठिनाई न हो। उन्होंने सभी कर्मियों के टेबल पर नाम, पदनाम व कार्यालय नाम की नेम प्लेट लगाने, प्रतीक्षा स्थल पर घड़े में पेयजल, ओआरएस और आवश्यक दवाइयां रखने का निर्देश दिया।
मतदाता सूची व सामाजिक सुरक्षा कार्यों में तेजी लाएं
उपायुक्त ने मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत नोशनल हाउस नंबरिंग कार्यों का जायजा लिया और एक सप्ताह में 75% प्रगति लाने को कहा। सामाजिक सुरक्षा कोषांग के लाभुकों का डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश भी दिया।
अंचल कार्यालय को दिए अहम निर्देश
अंचल कार्यालय को हिट एंड रन व आपदा मामलों में पारिवारिक सूची तैयार करने, म्यूटेशन, सीमांकन, एलपीसी, विभागों को जमीन हस्तांतरण और अन्य सेवाओं के आवेदनों का समय पर निष्पादन करने को कहा। सड़क दुर्घटनाएं कम करने के लिए भी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।
आवास, मनरेगा व पंचायत विकास पर जोर
बीडीओ को आवास योजनाओं में लाभुकों को प्रेरित कर निर्माण में प्रगति लाने, नरेगा कार्यों में तत्परता और पोर्टल पर प्रतिवेदन की प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा। 7 पंचायतों में मुखिया से समन्वय कर चापाकल मरम्मत, पंचायत सचिवालय सौंदर्यीकरण, सेवाओं का उन्नयन और स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्रों में 15वें वित्त से पेवर ब्लॉक, हैंड वॉश यूनिट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जनगणना 2027 प्रशिक्षण शिविर में हुए शामिल
उपायुक्त ने प्रखंड सभागार में जनगणना 2027 के तहत सुपरवाइजर व प्रगणक के प्रशिक्षण शिविर में भाग लिया। उन्होंने मकान सूचीकरण व गणना के प्रमुख बिंदु साझा कर जनगणना कार्य कुशलता से करने को कहा।
कई योजनाओं का किया भौतिक अवलोकन
उपायुक्त ने टुटुगुटू पंचायत के अर्जुनबासा स्थित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र, बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत बृजमोहन देवगम व सुरेश देवगम की आम बागवानी, जेएसएलपीएस से ऋण लेकर लक्ष्मी चातर द्वारा किए जा रहे मुर्गी पालन व दीदी बाड़ी योजना का अवलोकन किया। इसके अलावा उत्क्रमित मध्य विद्यालय-सुरजाबासा, पंचायत सचिवालय-टुटुगुटू, वींगतोपांग स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, झारखंड राज्य खाद्य निगम के गोदाम और एसीसी टाउनशिप में सीएसआर के तहत संचालित सक्षम-अडाणी स्किल डेवलपमेंट सेंटर का भी औचक निरीक्षण किया।

