चाईबासा : झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र के टंकी बांदा के पास 9 मई 2026 को हुए तीर कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुरानी रंजिश में 60 वर्षीय चुइया बिरुली पर तीर से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुरानी रंजिश में किया हमला
पुलिस के अनुसार, 9 मई को सूचना मिली थी कि टंकी बांदा के पास चुइया बिरुली (पिता स्व. मूंगा बिरुली, निवासी बेतिया, थाना झींकपानी) को भगवान बिरुली उर्फ दोपे (उम्र 39 वर्ष, पिता स्व. लागो बिरुली, निवासी चिड़िया पहाड़ी) ने धनुष से तीर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना के सत्यापन के बाद घायल को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थिति में सुधार होने पर फर्दबयान लेकर 10 मई को झींकपानी थाना में कांड संख्या 17/26 दर्ज किया गया।
विशेष छापामारी दल ने दबोचा आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के निर्देश पर राजकुमार जेयराजू, भा.पु.से. परीक्ष्यमान सह थाना प्रभारी झींकपानी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर चाईबासा के संयुक्त नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्राथमिक अभियुक्त झींकपानी थाना अंतर्गत चिड़िया पहाड़ी निवासी भगवान बिरुली उर्फ दोपे को गिरफ्तार कर लिया।
अपराध स्वीकारा, तीर-धनुष बरामद
गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार किया। उसने बताया कि पुरानी रंजिश के कारण उसने चुइया बिरुली की हत्या के इरादे से तीर-धनुष से हमला किया था। आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर घटना में प्रयुक्त तीर-धनुष को बरामद कर जब्त कर लिया गया है।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को आज 12 मई को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। छापामारी टीम में आईपीएस (परीक्ष्यमान) सह थाना प्रभारी झींकपानी राजकुमार जेयराजू, चाईबासा सदर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी, राजीव रंजन मिश्रा पुअनि, दीपक कुमार मोहंती अनुसंधानकर्ता, झींकपानी थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे।
Read Also: RANCHI NEWS: रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, पूरा जलकर खाक

