RANCHI: सेना भर्ती कार्यालय रांची ने अग्निवीर भर्ती वर्ष-2026 के लिए कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (सीईई) की तारीखों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। भर्ती परीक्षा 1 जून से 15 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा उन सभी पात्र अभ्यर्थियों के लिए होगी जिन्होंने अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन सफलतापूर्वक पूरा किया है।
भर्ती कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, सभी उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड जल्द ही भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट ज्वाइन इंडियन आर्मी पर अपलोड किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को नियमित रूप से वेबसाइट चेक करने और एडमिट कार्ड जारी होते ही उसे डाउनलोड करने की सलाह दी गई है। परीक्षा का आयोजन एडमिट कार्ड में अंकित तिथि, समय और परीक्षा केंद्र के अनुसार किया जाएगा।
केंद्रों पर लाना होगा ये दस्तावेज
परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को प्रिंटेड एडमिट कार्ड, मूल फोटो पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और एडमिट कार्ड में उल्लिखित अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा। सेना भर्ती कार्यालय ने उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित रिपोर्टिंग समय से पहले पहुंचने और एडमिट कार्ड पर दिए गए सभी निर्देशों का पालन करने को कहा है। इसके साथ ही सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों को दलालों और फर्जी एजेंटों से सावधान रहने की चेतावनी भी दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भारतीय सेना में चयन प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट आधारित और पारदर्शी होती है। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस, रांची या पोर्टल से संपर्क कर सकते हैं।
READ ALSO: RANCHI NEWS: कोकर में बच्ची का क्षत-विक्षत शव मिला, पहचान के लिए पुलिस कराएगी डीएनए टेस्ट

